रिपोर्ट : LegendNews
राम मंदिर में सीईओ के नाम पर आज लगेगी मुहर, कल होगी घोषणा
अयोध्या। श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट की दो सितंबर को होने वाली महत्वपूर्ण बैठक से पहले ट्रस्ट के पहले मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) के चयन को लेकर गतिविधियां तेज हो गई हैं. सीईओ के नाम पर अंतिम मुहर लगाने के लिए ट्रस्ट, विश्व हिंदू परिषद और संघ से जुड़े वरिष्ठ पदाधिकारियों के बीच बैठकों का दौर शुरू हो गया है. आज सीईओ के नाम का चयन कर लिया जाएगा. लेकिन इसकी घोषणा कल की जाएगी.
राम मंदिर ट्रस्ट के कोषाध्यक्ष गोविंद देव गिरी महाराज, विश्व हिंदू परिषद के महामंत्री बजरंग लाल बागड़ा और वरिष्ठ नेता दिनेश जी ने अयोध्या के वैदेही भवन परिसर में गोपनीय बैठक की. बैठक के बाद तीनों पदाधिकारी श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र परिसर पहुंचे. बताया जा रहा है कि यहां सीईओ के चयन को लेकर महत्वपूर्ण विचार-विमर्श किया जा रहा है.
सीईओ के चयन के लिए गठित तीन सदस्यीय समिति के तीनों सदस्य भी अयोध्या पहुंच चुके हैं. समिति में सुप्रीम कोर्ट के सेवानिवृत्त न्यायमूर्ति प्रमोद कोहली, सेवानिवृत्त लेफ्टिनेंट जनरल विष्णुकांत चतुर्वेदी और परमाणु वैज्ञानिक सुरेश हावड़े शामिल हैं। समिति ने चयन प्रक्रिया के तहत तीन नामों को अंतिम विचार के लिए चुना है.
सूत्रों के मुताबिक चयन समिति की बैठक में ट्रस्ट के अंतरिम महासचिव कृष्ण मोहन और पूर्व महासचिव चंपत राय के भी शामिल होने की संभावना है. बैठक में तीन नामों में से किसी एक पर अंतिम निर्णय लिया जाएगा. इसके बाद चयन समिति अपनी अंतिम रिपोर्ट ट्रस्ट के अध्यक्ष महंत नृत्य गोपाल दास को सौंपेगी.
बताया जा रहा है कि चयन समिति की रिपोर्ट मिलने और अध्यक्ष की अनुमति के बाद बुधवार दोपहर बाद होने वाली ट्रस्ट की महत्वपूर्ण बैठक में सीईओ के नाम पर औपचारिक चर्चा होगी.
बैठक में सहमति बनने के बाद ट्रस्ट के पहले सीईओ के नाम की आधिकारिक घोषणा की जा सकती है. बैठक से निकलने के बाद बजरंग लाल बांगड़ा ने बताया कि बैठक होगी। निर्णय लिए जाएंगे.
- Legend News

Recent Comments