रिपोर्ट : LegendNews
भगवान की समस्त लीलाओं की कथाओं का ज्ञान कराती है श्रीमद्भागवत : आचार्य पद्म लोचन गोस्वामी
वृन्दावन। रामताल रोड़ स्थित गणेश सिटी सोसायटी के श्रीराधा नील माधव जू मन्दिर में पुरुषोत्तम मास के पावन अवसर पर चल रहे सप्त दिवसीय श्रीमद्भागवत कथा सप्ताह ज्ञान यज्ञ महोत्सव के चौथे दिन व्यास पीठ से ठाकुर श्रीराधा रमण मंदिर के सेवाधिकारी आचार्य पद्म लोचन गोस्वामी महाराज ने अपनी सुमधुर वाणी के द्वारा समस्त भक्तों-श्रद्धालुओं को गजेंद्र मोक्ष, अमृत मंथन, गंगा अवतरण, श्रीराम जन्म एवं भगवान श्रीकृष्ण जन्म की कथा का रसास्वादन कराया।
व्यासपीठाधीन श्रद्धेय आचार्य पद्म लोचन गोस्वामी महाराज ने कहा कि श्रीमद्भागवत महापुराण में भगवान की समस्त लीलाओं और अवतारों की कथाओं का ज्ञान कराने वाली यह कथा सकाम कर्म, निष्काम कर्म, ज्ञान साधना, सिद्धि साधना, भक्ति, अनुग्रह, मर्यादा, द्वैत-अद्वैत, निर्गुण-सगुण का ज्ञान प्रदान करती है। वस्तुत: श्रीमद्भागवत महापुराण भक्ति, ज्ञान और वैराग्य का अक्षय भंडार है। इसीलिए इस ग्रंथ के श्रवण करने से मनुष्य के समस्त पापों का क्षय हो जाता है और भगवान की भक्ति सहज में ही प्राप्त होती है।
इस अवसर पर आयोजित नंदोत्सव में भगवान श्रीकृष्ण के जन्म से सम्बंधित भजनों व बधाईयों का संगीत की मृदुल स्वर लहरियों के मध्य गायन किया गया।साथ ही खेल-खिलौने,रुपए-कपड़े, मेवा-मिष्ठान्न और वस्त्रादि लुटाए गए।
महोत्सव में पधारे संस्कृत के प्रकांड विद्वान आचार्य नेत्रपाल शास्त्री (गुरु जी) ने श्रीमद्भागवत ग्रंथ और व्यासपीठ का पूजन-अर्चन कर किया।
कार्यक्रम में कथा के मुख्य यजमान प्रणव अवस्थी (नई दिल्ली), बाल कृष्ण शर्मा, धनवी गोस्वामी, श्रीमती शकुंतला शर्मा, आशीष शर्मा, असीम शर्मा, दीपक भारद्वाज, साधना गोस्वामी, पुनीता भारद्वाज, बबीता शर्मा, राजकुमार शर्मा, मनीषा गोस्वामी, समीक्षा गोस्वामी, विदुषी गोस्वामी, गोपाल खंडेलवाल, बाल कृष्ण,अजय शर्मा,शैफाली शर्मा, अभिजीत शर्मा, शर्मिला शर्मा, मिक्की शर्मा, मोहन श्याम, जॉय गोस्वामी, अब्बू गोस्वामी, प्रमोद शर्मा आदि के अलावा विभिन्न क्षेत्रों के तमाम गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

Recent Comments