रिपोर्ट : LegendNews
विस्तार लेता श्रीकृष्ण जन्मभूमि की मुक्ति का मुद्दा, जाट एकता परिषद आई साथ
मथुरा। श्रीकृष्ण जन्मभूमि को मुक्त कराए जाने की मांग अब जनभावना का स्वर लेती नजर आ रही है। जाट एकता परिषद की बैठक में बड़ी संख्या में लोगों की उपस्थिति के बीच यह मुद्दा प्रमुखता से उठाया गया और व्यापक समर्थन देखने को मिला।
बैठक में श्रीकृष्ण जन्मभूमि प्रकरण के हिंदू पक्षकार महेंद्र प्रताप सिंह एडवोकेट ने उपस्थित जनसमूह के समक्ष विषय रखा। उन्होंने कहा कि यह मामला आस्था, इतिहास और पहचान से जुड़ा हुआ है, जिसके लिए समाज को एकजुट होकर आगे आना होगा।
सभा में मौजूद लोगों ने एक स्वर में श्रीकृष्ण जन्मभूमि को मुक्त कराए जाने की मांग का समर्थन किया। कार्यक्रम का माहौल पूरी तरह इस मुद्दे के समर्थन में दिखाई दिया, जहां लोगों ने अपनी सहभागिता दर्ज कराते हुए एकजुटता का संदेश दिया।
बैठक में प्रमुख रूप से परिषद के अध्यक्ष सुजीत कुंतल, सुमित्रा चौधरी एडवोकेट, प्रशांत चौधरी, सत्यवती चौधरी, हीरा सिंह कुंतल, सुजाता चौधरी और हरि प्रसाद सहित अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।
कार्यक्रम में लोगों की सक्रिय भागीदारी और समर्थन ने स्पष्ट संकेत दिया कि श्रीकृष्ण जन्मभूमि का मुद्दा अब व्यापक जनसमर्थन प्राप्त कर रहा है और समाज के विभिन्न वर्ग इसमें अपनी भागीदारी सुनिश्चित कर रहे हैं।
- Legend News

Recent Comments