महज 15 साल की उम्र में भारतीय क्रिकेट का नया सितारा बन चुके वैभव सूर्यवंशी अब सिर्फ खेल जगत ही नहीं, बल्कि एकेडमिक दुनिया का भी ध्यान अपनी ओर खींच रहे। आईपीएल 2026 में अपने तूफानी प्रदर्शन से सुर्खियां बटोरने वाले राजस्थान रॉयल्स के युवा बल्लेबाज पर अब भारतीय प्रबंधन संस्थान इंदौर केस स्टडी करने की तैयारी में है। इस स्टडी में वैभव के खेल के अलावा तीन अहम पहलूओं, माइंडसेट, अनुशासन और करियर मैनेजमेंट जैसे मुद्दों पर रिसर्च की जाएगी। 
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, आईआईएम इंदौर वैभव सूर्यवंशी की सफलता की कहानी को गहराई से समझने और उसका एनालिसिस करने के लिए एक स्टडी करेगा। इस रिसर्च का मकसद केवल उनकी बल्लेबाजी क्षमता का आकलन करना नहीं है, बल्कि यह जानना भी है कि इतनी कम उम्र में उन्होंने इतनी बड़ी सफलता कैसे हासिल की।
आईआईएम इंदौर वैभव पर स्टडी करेगा
आईपीएल 2026 में वैभव का प्रदर्शन किसी सपने से कम नहीं रहा। राजस्थान रॉयल्स के सलामी बल्लेबाज ने पूरे टूर्नामेंट में 776 रन बनाकर ऑरेंज कैप अपने नाम की। उन्हें सीजन का सबसे मूल्यवान खिलाड़ी भी चुना गया। इसके अलावा उन्होंने इमर्जिंग प्लेयर ऑफ द सीजन, सुपर स्ट्राइकर अवॉर्ड और सुपर सिक्सेस अवॉर्ड भी जीता।
वैभव ने सीजन में सबसे ज्यादा 72 छक्के मारे
वैभव ने इस सीजन में रिकॉर्ड 72 छक्के लगाए और 237 से ज्यादा के स्ट्राइक रेट से बल्लेबाजी की। इतना ही नहीं, वह आईपीएल इतिहास में सबसे तेज 1000 रन पूरे करने वाले बल्लेबाज भी बन गए। उन्होंने यह उपलब्धि सिर्फ 440 गेंदों में हासिल की।
वैभव के खेल और माइंडसेट के बारे में होगी रिसर्च 
आईआईएम इंदौर की रिसर्च टीम वैभव की क्रिकेट प्रतिभा के साथ-साथ उनकी मानसिक मजबूती, अनुशासन, पारिवारिक समर्थन और करियर मैनेजमेंट जैसे पहलुओं का अध्ययन करेगी। संस्थान का मानना है कि उनकी यात्रा से नेतृत्व विकास, प्रतिभा प्रबंधन और उत्कृष्ट प्रदर्शन जैसे क्षेत्रों में भी महत्वपूर्ण सीख मिल सकती है।
अध्ययन का एक अहम हिस्सा कम उम्र में मिली लोकप्रियता के प्रभाव को समझना भी होगा। रिसर्च में यह देखा जाएगा कि युवा खिलाड़ी अचानक मिली सफलता, मीडिया की लगातार निगाह, सोशल मीडिया के दबाव, ब्रांड एंडोर्समेंट और लोगों की बढ़ती उम्मीदों को कैसे संभालते हैं।
वैभव की कहानी इसलिए भी खास मानी जा रही है क्योंकि उन्होंने बेहद कम उम्र में राष्ट्रीय स्तर पर पहचान बनाई है। क्रिकेट विशेषज्ञों और पूर्व खिलाड़ियों ने उनकी बल्लेबाजी शैली, दबाव में प्रदर्शन करने की क्षमता और शांत स्वभाव की जमकर तारीफ की है।
आईआईएम इंदौर को उम्मीद है कि यह केस स्टडी सिर्फ खेल जगत के लिए ही नहीं, बल्कि माता-पिता, कोच, शिक्षण संस्थानों और कॉर्पोरेट जगत के लिए भी उपयोगी साबित होगी। वैभव सूर्यवंशी की सफलता की कहानी अब क्रिकेट मैदान से निकलकर प्रबंधन शिक्षा का भी हिस्सा बनने जा रही है। 
-Legend News

मिलती जुलती खबरें

Recent Comments

Leave A Comment

Don’t worry ! Your Phone will not be published. Required fields are marked (*).