रिपोर्ट : LegendNews
‘सनातन संस्था’ के साधकों को पुलिस द्वारा पूछताछ के नाम पर सताया जा रहा है:: पत्रकार परिषद
पिछले कुछ दिनों से यह ध्यान में आया है कि सनातन संस्था के साधकों, हितचिंतकों और विज्ञापनदाताओं से पुलिस द्वारा अवैध रूप से पूछताछ की जा रही है। पुलिस, पुलिस पाटिल, साइबर शाखा और ‘एटीएस’ के अधिकारी होने का दावा करते हुए सनातन के साधकों को पूछताछ के लिए पुलिस थाने बुलाने की धमकी दी जा रही है। गंभीर बात यह है कि इन पूछताछों से नाम हटाने के लिए रिश्वत भी मांगी जा रही है। सनातन संस्था और उसके साधकों का किसी भी अपराध से दूर-दूर तक संबंध न होने के बावजूद इस प्रकार अवैध पूछताछ होना अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण और अन्यायपूर्ण है।
आखिर किन कारणों से ये पूछताछ की जा रही हैं? क्या वास्तव में पुलिस प्रशासन इन पूछताछों को कर रहा है अथवा इसके पीछे कुछ भ्रष्ट या सनातन-विरोधी पुलिस अधिकारी हैं? इन विषयों की जांच करने के लिए हमने महाराष्ट्र के पुलिस महानिदेशक से भेंट की। इस अत्यंत गंभीर मामले में तत्काल संज्ञान लेकर सामान्य परिवारों से आने वाले, साधना करने वाले सात्त्विक एवं निर्दोष साधकों से पूछताछ तुरंत बंद की जाए, ऐसी मांग महाराष्ट्र के पुलिस महानिदेशक से की गई है।
यह जानकारी सनातन संस्था के राष्ट्रीय प्रवक्ता श्री. अभय वर्तक ने आज आयोजित पत्रकार परिषद में दी। मुंबई मराठी पत्रकार संघ में आयोजित इस पत्रकार परिषद में हिंदू विधिज्ञ परिषद के राष्ट्रीय अध्यक्ष अधिवक्ता वीरेंद्र इचलकरंजीकर और हिन्दू जनजागृति समिति के प्रवक्ता श्री. सतिश कोचरेकर भी उपस्थित थे।
इस प्रकरण में हमने महाराष्ट्र के पुलिस महानिदेशक, एटीएस विभाग के महानिदेशक तथा सोलापुर जिले के पुलिस अधीक्षक से भेंट कर उन्हें निवेदन दिया और यह पूछा कि ‘सनातन संस्था के साधकों से किन कारणों से पूछताछ की जा रही है?’ इस पर पुलिस प्रशासन की ओर से जानकारी दी गई कि ऐसी किसी भी पूछताछ के लिए कोई आदेश जारी नहीं किए गए हैं। यह अत्यंत गंभीर विषय है। आखिर कौन से अधिकारी इस प्रकार अवैध पूछताछ करने के आदेश दे रहे हैं? जिन निर्दोष साधकों ने कभी पुलिस थाने की सीढ़ियां तक नहीं चढ़ीं, उन्हें परेशान किया जा रहा है। इसकी जांच होनी चाहिए। साथ ही, इस प्रकार अवैध पूछताछ करके, धमकाकर और रिश्वत मांगकर सामान्य एवं निर्दोष साधकों को परेशान करने वालों पर तत्काल कार्रवाई की जाए, ऐसी मांग भी इस अवसर पर की गई। संस्था के हितचिंतकों, साधकों के परिजनों तथा अर्पणदाताओं से भी अनुचित पूछताछ की जा रही है। यह अत्यंत गंभीर एवं पीड़ादायक है, ऐसी व्यथित प्रतिक्रिया श्री. वर्तक ने व्यक्त की।
- Legend News

Recent Comments