मथुरा। आनन्दकन्द लीलापुरुषोत्तम भगवान श्रीकृष्ण की पुण्य जन्मभूमि पर ताम्रपत्र पर अंकित स्वर्ण-मण्डित श्रीमद्भागवत जी की स्थापना माघ कृष्ण एकादशी तद्नुसार दिनांक 25 जनवरी 2025 को प्रातःकालीन बेला में की जायेगी।

इस संबंध में जानकरी देते हुए श्रीकृष्ण-जन्मस्थान सेवा-संस्थान के सचिव श्री कपिल शर्मा ने बताया कि सेवानिवृत्त आई0ए0एस0 डॉ0 सुब्रह्मण्यम लक्ष्मीनारायणन् एवं उनकी धर्मपत्नी श्रीमती सरस्वती लक्ष्मीनारायणन् ने अपनी जीवनभर की जमापूंजी से स्वर्ण-मण्डित श्रीमद्भागवत जी की स्थापना का जो संकल्प लिया था वह दिनांक 25 जनवरी 2025 को श्रीकृष्ण-जन्मभूमि पर साकार होगा।

संस्थान के सचिव श्री कपिल शर्मा ने आगे बताया कि श्रीकृष्ण-जन्मस्थान के पवित्र परिसर में स्थापित श्रीभागवत-भवन में महर्षि वेदव्यास जी की प्रतिमा के सन्मुख ऐसी स्वर्ण-मण्डित श्रीमद्भागवत जी को शास्त्रीय मर्यादाओं एवं  विधि के अनुसार स्थापित किया जायेगा।

श्री शर्मा ने बताया कि सन्त, शास्त्रीय मतानुसार भगवान श्रीकृष्ण के वांग्मय स्वरूप श्रीमद्भागवत जी का श्रवण, वाचन, दर्शन, चिन्तन, मनन एवं परायण आदि सभी मनोरथ अक्षुण्ण पुण्यप्रद है। इसी भाव से श्रीकृष्ण-जन्मभूमि के पवित्र परिसर में श्रीभागवत-भवन की स्थापना की गयी। वर्ष 1982 में श्रीभागवत-भवन की प्राण-प्रतिष्ठा के समय ताम्रपत्र पर अंकित संपूर्ण श्रीमद्भागवत जी, श्रीभागवत-भवन के उत्तरी दीवार पर स्थापित की गयीं थीं। आज भागवत-भवन में लगभग 42 वर्ष के उपरान्त स्वर्ण-मण्डित श्रीमद्भागवत जी की स्थापना निश्च‍ित ही श्रद्धालुओं को दिव्य आनन्द और पुण्य की प्राप्ति करायेंगी। 

संस्थान के सचिव श्री कपिल शर्मा ने आगे बताया कि स्वर्ण श्रीमद्भागवत जी की स्थापना से पूर्व दिनांक 24 जनवरी 2025 को परम पुनीत विश्राम-घाट पर श्रीयमुनाजी व श्रीभागवतजी का पूजन होगा। पूजन के उपरान्त मंगल ध्वनि एवं मंत्रोच्चारण के साथ शोभायात्रा प्रारम्भ होगी। शोभायात्रा में भगवान श्रीकेशवदेवजी, श्रीगणेश जी एवं महर्ष‍ि वेदव्यास जी की झॉंकियों के साथ-साथ 1008 सनातनी महिलाऐं मंगल कलश लेकर श्रीमद्भागवत जी की अगुवाई करेंगी। 108 साधु-सन्त उद्दाम संकीर्तन के साथ इस शोभायात्रा की शोभा में वृद्धि करेंगे। दोपहर लगभग 1 बजे श्रीमद्भागवत जी के शोभायात्रा विश्राम-घाट से प्रारम्भ होगी और लगभग 3 बजे श्रीकृष्ण-जन्मस्थान के पवित्र परिसर में पधारेंगी।

श्री एस0 लक्ष्मीनारायणन् ने बताया कि भगवान श्रीकृष्ण की वांग्मय श्रीमद्भागवत जी के स्वर्ण-मण्डित स्वरूप की स्थापना श्रीकृष्ण-जन्मभूमि पर करने का सौभाग्य भगवान श्रीनारायण की कृपा से ही प्राप्त हुआ है। ‘त्वदीयं वस्तु गोविन्द तुभ्यमेव समर्पये’  भगवान श्रीहरि का दिया हुआ यह जीवन और इस जीवन की समस्त प्राप्तियॉं श्री हरि की ही कृपा मात्र है।

श्री लक्ष्मीनारायणन् ने आगे बताया कि 450 ताम्रपत्रों पर श्रीमद्भागवत जी के 18000 श्लोकों को उकेरा गया है एवं 18000 श्लोकों को चौबीस कैरेट गोल्ड से मढ़ा गया है। श्रीमद्भागवत जी का कुल वजन लगभग 151 किग्रा0 है।

श्री लक्ष्मीनारायणन् ने बताया कि चैन्नई की प्रतिष्ठ‍ित गिरि ट्रेडिंग एजेन्सी ने ताम्रपत्र पर श्रीमद्भागवत जी को उकेरा है एवं वुम्मदी बंगारू ज्वैलर्स ने चौबीस कैरेट गोल्ड से 18000 श्लोकों वाले 450 ताम्रपत्रों पर मढ़ा है।                                                          

संस्थान की प्रबंध समिति के सदस्य श्री गोपेश्वरनाथ चतुर्वेदी ने बताया कि स्वर्ण-मण्डित श्रीमद्भागवत जी रात्रि पर्यन्त विश्राम करेंगी, तदोपरान्त श्रीमद्भागवत जी की स्थापना भागवत-भवन में विराजमान महर्ष‍ि वेदव्यास जी के श्रीविग्रह के समक्ष की जायेगी।  
श्रीमद्भागवत जी की स्थापना के उपरान्त ग्यारह भागवत आचार्यों द्वारा श्रीमद्भागवत जी का मूलपाठ का सस्वर गायन स्वर्ण-मण्डित श्रीमद्भागवत जी के समीप आयोजित किया जायेगा। एकादश ब्रहाम्णों के द्वारा किया जा रहा मूलपाठ का विश्राम माघ शुक्ल द्वितीया तद्नुसार दिनांक 31 जनवरी 2025 को होगा।

श्रीकृष्ण-जन्मस्थान सेवा-संस्थान ने सभी ब्रजवासियों, भक्तों से अनुरोध किया है कि स्वर्ण-मण्डित श्रीमद्भागवत जी की शोभायात्रा एवं स्थापना के दिव्य कार्यक्रम में अपनी सहभागिता सुनिष्चित कर अक्षुण्ण पुण्य को प्राप्त करें।

- Legend News

मिलती जुलती खबरें

Recent Comments

Leave A Comment

Don’t worry ! Your Phone will not be published. Required fields are marked (*).