रिपोर्ट : LegendNews
देश अपने हथियार खुद बना रहा है और यूपी इस दिशा में नेतृत्व कर रहा है: राजनाथ
उत्तर प्रदेश में इलेक्ट्रिक वाहन (ईवी) और रक्षा उत्पादन के क्षेत्र में नया अध्याय शुरू हो गया है। अशोक लीलैंड के नए ईवी मैन्युफैक्चरिंग प्लांट का उद्घाटन आज मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और केंद्रीय मंत्री एचडी कुमारस्वामी ने किया। इस अवसर पर केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह भी मौजूद रहे। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि अब भारत कमजोर भारत नहीं रहा। देश अपने हथियार खुद बना रहा है और उत्तर प्रदेश इस दिशा में नेतृत्व कर रहा है।
ई-बसों का निरीक्षण
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने फैक्ट्री में ई-बसों का निरीक्षण किया। इसके बाद उन्होंने केंद्रीय मंत्री एचडी कुमारस्वामी और राजनाथ सिंह के साथ ई-बस में सफर किया। उद्घाटन कार्यक्रम के दौरान हिंदुजा ग्रुप और अशोक लीलैंड के सफर पर आधारित एक डॉक्यूमेंट्री फिल्म भी दिखाई गई।योगी आदित्यनाथ ने कहा, उत्तर प्रदेश अब उत्सव का प्रदेश बन चुका है। कोई महीना या हफ्ता ऐसा नहीं है, जब यहां कोई उत्सव न हो। यूपी अब बीमारू राज्य नहीं है, बल्कि सबसे ज्यादा राजस्व (Revenue) वाला प्रदेश बन चुका है।
यूपी बनेगा रक्षा उत्पादन का केंद्र
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि अब भारत कमजोर भारत नहीं रहा। देश अपने हथियार खुद बना रहा है और उत्तर प्रदेश इस दिशा में नेतृत्व कर रहा है। उन्होंने कहा, उत्तर प्रदेश की पहचान एक ऐसे राज्य के रूप में हो रही है, जो देश के विकास में बढ़-चढ़कर योगदान दे रहा है। हमारी सरकार ने डिफेंस कॉरिडोर बनाया है। इसका मतलब है कि सेना के लिए हथियार, गोला-बारूद और लड़ाकू उपकरण अब बड़े पैमाने पर हमारे प्रदेश में बनेगा।
उन्होंने आगे कहा कि BrahMos Aerospace की फैक्ट्री में ब्रह्मोस मिसाइल का उत्पादन हो रहा है। पहले यह मिसाइल बाहर से आती थी, अब यह भारत में और विशेष रूप से उत्तर प्रदेश में बनेगी।
नई नीति और रोजगार के अवसर
राजनाथ सिंह ने Uttar Pradesh Aerospace and Defence Unit and Employment Promotion Policy का जिक्र किया। इसका उद्देश्य अगले पांच साल में हजारों करोड़ रुपये के नए उद्योग और लाखों नौजवानों के लिए रोजगार के अवसर तैयार करना है।
उन्होंने कहा, हमारे गांव, कस्बे और शहर के बच्चे अब यहीं काम करेंगे, यहीं कमाएंगे और अपने परिवार को संभालेंगे।
साथ ही Fortune Global 500 & Fortune India 500 Companies Investment Promotion Policy 2023 के माध्यम से राज्य में निवेश और औद्योगिक विकास को बढ़ावा दिया जाएगा।
उत्तर प्रदेश का योगदान
राजनाथ सिंह ने कहा, भारत तेजी से आगे बढ़ रहा है और उत्तर प्रदेश का इसमें मेजर योगदान है। डबल इंजन की हमारी सरकार ने विकास की गति को और तेज करने के लिए नई नीतियां बनाई हैं। आज जिस यूनिट का उद्घाटन हुआ है, वह सीधे तौर पर स्थानीय जनता के लिए लाभकारी है।
सीएम योगी की तारीफ
इस मौके पर रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने सीएम योगी आदित्यनाथ की पहल की भी तारीफ की। राजनाथ सिंह ने सीएम योगी की तारीफ करते हुए कहा कि, ब्रह्मोस मिसाइल अब यूपी बनती है और इसके लिए सीएम योगी की पहल सराहनीय है। इसके लिए जमीन उपलब्ध कराना हो, मौके पर जाकर निरिक्षण करना हो, समय सीमा में बनवाकर तैयार करवाना हो, मैं उनके इस पहल की प्रशंसा करना चाहता हूं।
-Legend News

Recent Comments