मथुरा। राष्ट्रगीत वंदे मातरम् के 150 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में भारतीय जनता पार्टी मथुरा महानगर द्वारा विकास बाजार मथुरा में एक भव्य सामूहिक राष्ट्रगीत गायन समारोह आयोजित किया गया। 

कार्यक्रम का शुभारंभ राष्ट्रगीत वंदे मातरम् के सामूहिक गायन से हुआ, जिससे पूरा वातावरण देशभक्ति और उत्साह से ओतप्रोत हो गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि विधान परिषद सदस्य एवं मथुरा प्रभारी अशोक कटारिया, पूर्व ऊर्जा मंत्री एवं मथुरा-वृंदावन विधायक श्रीकांत शर्मा तथा महापौर विनोद अग्रवाल रहे। 

मथुरा प्रभारी अशोक कटारिया ने अपने उद्बोधन में कहा कि वंदे मातरम् वह गीत है जिसने स्वतंत्रता संग्राम के दौरान पूरे देश को एक सूत्र में बाँधा। आज आवश्यकता है उसी भावना को पुनर्जीवित करने की। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी राष्ट्रवाद की उस परंपरा को आगे बढ़ा रही है जिसका मूल वंदे मातरम् की भावना में निहित है। 

इस अवसर पर विधायक श्रीकांत शर्मा ने कहा कि वंदे मातरम् मात्र शब्द नहीं, बल्कि यह भारतीय आत्मा की आवाज़ है। इस गीत ने हर भारतीय के हृदय में मातृभूमि के प्रति त्याग, समर्पण और गौरव का भाव जगाया है। उन्होंने कहा कि जब हम राष्ट्रगीत के 150 वर्ष मना रहे हैं, तब हमें यह संकल्प लेना चाहिए कि भारत वसुधैव कुटुम्बकम् की भावना से विश्व का नेतृत्व करे। दोनों नेताओं के प्रेरक उद्बोधनों से उपस्थित जनसमूह में उत्साह और गौरव की लहर दौड़ गई। पूरा परिसर भारत माता की जय और वंदे मातरम् के नारों से गूंज उठा।

भाजपा महानगर अध्यक्ष हरीशंकर राजू यादव (एड.) ने सभी आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वंदे मातरम् केवल राष्ट्रगीत नहीं, बल्कि यह हमारी राष्ट्रीय अस्मिता और मातृभूमि के प्रति समर्पण का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि इस गीत ने स्वतंत्रता संग्राम के समय हर भारतीय के भीतर देशप्रेम की ज्वाला प्रज्वलित की थी और आज भी यह हमारी एकता और अखंडता की पहचान है। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे राष्ट्रगीत के गौरव और उसके मूल संदेश को अपने जीवन में उतारें। 

महापौर विनोद अग्रवाल ने कहा कि वंदे मातरम् का गायन हृदय में जोश और आत्मगौरव का संचार करता है। यह गीत भारतीय संस्कृति और मातृभूमि के प्रति श्रद्धा का प्रतीक है। उन्होंने भाजपा महानगर द्वारा किए गए इस आयोजन को राष्ट्रप्रेम को सशक्त करने वाला कदम बताया और कहा कि ऐसे कार्यक्रम समाज में एकता और समरसता का संदेश देते हैं। 

महानगर मीडिया प्रभारी श्याम शर्मा ने बताया कि मथुरा प्रभारी अशोक कटारिया ने कार्यक्रम के दौरान आत्मनिर्भर भारत के संकल्प के साथ ‘स्वदेशी अपनाओ’का संदेश दिया। श्याम शर्मा ने बताया 
 क‍ि चंपा अग्रवाल बाल मंदिर, आर्य कन्या इंटर कॉलेज तथा जैन चौरासी इंटर कॉलेज के छात्र-छात्राओं ने सामूहिक रूप से उत्साहपूर्वक वंदे मातरम् का गायन किया, जिससे कार्यक्रम का वातावरण और अधिक भावनात्मक एवं देशभक्ति से परिपूर्ण हो गया। 

समारोह के समापन पर भारत माता की जय और वंदे मातरम् के गगनभेदी नारों से पूरा विकास बाजार गूंज उठा। संचालन कार्यक्रम सहयोग दीपक गोला ने किया।

इस अवसर पर विधायक ठा.मेघश्याम सिंह, राष्ट्रीय ओबीसी मोर्चा के सदस्य भुवन भूषण कमल, पूर्व महानगर अध्यक्ष चेतन स्वरूप पाराशर, संजय शर्मा , रामकिशन पाठक, पवन हिंडोल, विजय शर्मा पार्षद, मीडिया प्रभारी श्याम शर्मा, नितिन चतुर्वेदी , हरिओम शर्मा, हेमंत खंदौली, अंकुर अग्रवाल, यज्ञ दत्त कौशिक, कपिल पटेल, पार्षद धनंजय सिंह लोधी, यतेंद्र फौजदार, सोनू गौड़ पार्षद, हनुमान गुर्जर, पार्षद राकेश भाटिया , प्रमोद बंसल, एवं सभी मंडल अध्यक्ष उपस्थित रहे।

- Legend News
 

मिलती जुलती खबरें

Recent Comments

Leave A Comment

Don’t worry ! Your Phone will not be published. Required fields are marked (*).