भारतीय क्रिकेट नियंत्रण बोर्ड (BCCI) ने बुधवार को टीम इंडिया के जिम्बाब्वे दौरे के शेड्यूल का एलान किया। भारतीय टीम इस साल जुलाई में 3 टी20 अंतर्राष्ट्रीय मैच की सीरीज के लिए जिम्बाब्वे के दौरे पर जाएगी। सीरीज की शुरुआत 23 जुलाई को होगी जबकि तीसरा और आखिरी मैच 26 जुलाई को होगा। भारतीय टीम ने इससे पहले 2024 में जिम्बाब्वे का दौरा किया था, जहां उसने 5 टी20 इंटरनेशनल मैच खेले थे। 
बीसीसीआई सचिव देवजीत सैकिया ने जिम्बाब्वे दौरे के शेड्यूल का ऐलान किया। इस दौरे पर तीनों ही टी20 इंटरनेशनल मैच हरारे में ही खेले जाएंगे। पहला मुकाबला 23 जुलाई, दूसरा 25 जुलाई को और तीसरा मुकाबला 26 जुलाई को खेला जाएगा।
जिम्बाब्वे की टीम भी अगले साल की शुरुआत में भारत का दौरा करने वाली है। जनवरी 2027 में भारत तीन एकदिवसीय मैचों की सीरीज के लिए जिम्बाब्वे की मेजबानी करेगा। उस सीरीज का पहला मैच कोलकाता में, दूसरा हैदराबाद में और तीसरा ओडीआई मुंबई में खेला जाएगा। 2027 में ही ओडीआई विश्व कप खेला जाना है।
भारत ने पिछले महीने अहमदाबाद में खेले गए फाइनल में न्यूजीलैंड को हराकर लगातार दूसरी बार टी20 विश्व कप जीता था। इससे पहले भारत 2024 और 2007 में भी टी20 विश्व कप जीत चुका है।
भारत ने आखिरी बार 2024 में जिम्बाब्वे का दौरा किया था, जहां उसने पांच मैचों की टी20 श्रृंखला 4-1 से जीती थी। 
-Legend News

मिलती जुलती खबरें

Recent Comments

Leave A Comment

Don’t worry ! Your Phone will not be published. Required fields are marked (*).