मथुरा। भारत मौसम विज्ञान विभाग द्वारा जारी नवीनतम मौसम पूर्वानुमान के अनुसार जनपद मथुरा में आगामी दिनों के दौरान कहीं-कहीं भारी वर्षा, तेज आंधी, वज्रपात, तीव्र हवाएँ तथा जलभराव की स्थिति उत्पन्न होने की संभावना व्यक्त की गई है। संभावित मौसमीय परिस्थितियों के दृष्टिगत जिलाधिकारी, मथुरा के निर्देशन में जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण, मथुरा द्वारा समस्त जनपदवासियों से विशेष सतर्कता एवं सावधानी बरतने की अपील की जाती है।

जनहित में सभी नागरिकों से अनुरोध है कि प्रतिकूल मौसम की स्थिति में अनावश्यक रूप से घरों से बाहर न निकलें तथा अत्यंत आवश्यक होने पर ही सुरक्षित मार्ग का उपयोग करें। नदी, नालों, तालाबों, झीलों, यमुना नदी के तटों एवं जलभराव वाले क्षेत्रों के समीप जाने से बचें तथा किसी भी दशा में जलमग्न सड़क, पुल अथवा तेज बहाव वाले मार्ग को पार करने का प्रयास न करें।

आंधी एवं वज्रपात के दौरान खुले स्थानों, ऊँचे वृक्षों, विद्युत पोलों, ट्रांसफार्मरों एवं जर्जर अथवा अस्थायी भवनों से सुरक्षित दूरी बनाए रखें तथा निकटतम सुरक्षित भवन में आश्रय लें। विद्युत तार टूटे हुए दिखाई देने पर तत्काल विद्युत विभाग को सूचना दें तथा स्वयं अथवा अन्य किसी व्यक्ति को उनके संपर्क में आने से रोकें।

यदि किसी क्षेत्र में जलभराव, बाढ़ अथवा अन्य प्राकृतिक आपदा की स्थिति उत्पन्न हो जाए तो किसी प्रकार की घबराहट अथवा अफवाह पर ध्यान न दें। धैर्य एवं संयम बनाए रखते हुए तत्काल सुरक्षित एवं ऊँचे स्थान पर पहुँचें तथा जिला प्रशासन, पुलिस, एनडीआरएफ, एसडीआरएफ एवं अन्य राहत एवं बचाव एजेंसियों द्वारा जारी निर्देशों का पूर्णतः पालन करें।

किसान भाई अपने कृषि उपकरण, फसल एवं पशुधन को सुरक्षित स्थान पर रखें। अभिभावक बच्चों को वर्षा के दौरान नदी, नालों एवं जलभराव वाले क्षेत्रों में जाने से रोकें। बुजुर्गों, गर्भवती महिलाओं एवं दिव्यांगजनों की सुरक्षा का विशेष ध्यान रखें।

जिला प्रशासन द्वारा जनपदवासियों से यह भी अनुरोध किया जाता है कि सोशल मीडिया अथवा अन्य माध्यमों से प्रसारित अपुष्ट एवं भ्रामक सूचनाओं पर विश्वास न करें। केवल भारत मौसम विज्ञान विभाग तथा जिला प्रशासन द्वारा जारी अधिकृत सूचनाओं एवं परामर्शों का ही अनुपालन करें।

आपातकालीन स्थिति में तत्काल प्रशासन को सूचना दें

जिला प्रशासन, मथुरा समस्त जनपदवासियों से अपील करता है कि किसी भी प्रकार की आपदा, बाढ़, जलभराव, वज्रपात, भवन ध्वस्त होने, सड़क दुर्घटना अथवा अन्य आपातकालीन स्थिति में घबराएँ नहीं। तत्काल जिला आपदा नियंत्रण कक्ष को सूचना दें, जिससे राहत एवं बचाव दलों को शीघ्र घटनास्थल पर भेजकर आवश्यक सहायता उपलब्ध कराई जा सके।

इसके ल‍िए जिला आपदा नियंत्रण कक्ष / बाढ़ कंट्रोल रूम, मथुरा के नंबर 0565-2974934, 0565-2972962,  0565-2972964, 0565-2972963 जारी क‍िए गए हैं।

इसके अलावा आपदा विशेषज्ञ एवं ईओसी (Emergency Operation Center) प्रभारी पूजा राणा ने भी अपना मोबाइल नंबर 9696637399 जारी क‍िया है। 

किसी भी आपदा अथवा आपातकालीन घटना की सूचना तत्काल उपरोक्त दूरभाष नंबरों पर उपलब्ध कराएँ। समय पर प्राप्त सूचना राहत एवं बचाव कार्यों को प्रभावी एवं त्वरित रूप से संचालित करने में अत्यंत सहायक सिद्ध होती है।

- Legend News

मिलती जुलती खबरें

Recent Comments

Leave A Comment

Don’t worry ! Your Phone will not be published. Required fields are marked (*).