रिपोर्ट : LegendNews
थरूर ने खरगे की टिप्पणी पर कहा, राजनीति में स्तर को इतना नीचे नहीं गिराना चाहिए
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे की 'गुजरात के अनपढ़ लोग' वाली टिप्पणी पर पार्टी के भीतर ही उंगलियां उठ गई हैं। खरगे ने यह टिप्पणी केरल की चुनावी रैली में की थी और प्रदेश के सबसे बड़े कांग्रेस नेता और पार्टी सांसद शशि थरूर ने इस तरह की टिप्पणी पर सीधे-सीधे आपत्ति जता दी है।
तिरुवनंतपुरम से कांग्रेस सांसद और पूर्व केंद्रीय मंत्री शशि थरूर ने मल्लिकार्जुन खरगे की टिप्पणी पर पूछे गए सवाल के जवाब में मंगलवार को कहा कि 'राजनीति में स्तर को नीचे नहीं गिराना चाहिए।'
मल्लिकार्जुन खरगे को शशि थरूर की सलाह
तिरुवनंतपुरम में एक प्रेस कांफ्रेंस में जब शशि थरूर से कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे की 'गुजरात के अनपढ़ लोग' वाली टिप्पणी पर सवाल किया गया तो उन्होंने कहा- 'राजनीतिक बहस की गुणवत्ता गिरती जा रही है,हमारा स्तर उस तरह से नहीं गिरना चाहिए, जो गलत भाषा का इस्तेमाल करते हैं।' थरूर खरगे के खिलाफ कांग्रेस अध्यक्ष का चुनाव भी लड़ चुके हैं।
मल्लिकार्जुन खरगे गुजरात के लोगों को क्या कहा?
रविवार को केरल के इडुक्की जिले में एक चुनावी रैली में मल्लिकार्जुन खरगे ने गुजरात के लोगों का नाम लेकर ऐसी बात कह दी, जिससे बीजेपी उनपर बहुत ज्यादा हमलावर है।
बीजेपी ने राहुल गांधी, सोनिया गांधी से मांगी सफाई
मंगलवार को बीजेपी ने उनकी कथित टिप्पणी पर माफी की मांग की और इसे 'शर्मनाक, अपमानजनक और अत्यंत घिनौना' बताया है। एक प्रेस कांफ्रेंस में बीजेपी के वरिष्ठ नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री रविशंकर प्रसाद ने सोनिया गांधी, राहुल गांधी और प्रियंका गांधी वाड्रा से सफाई मांगी कि क्या वे खरगे के बयान से सहमत हैं।
बीजेपी बोली, खरगे कांग्रेस अध्यक्ष के हकदार नहीं
बीजेपी नेता ने कहा कि जिस पद पर खरगे हैं, उसपर कभी जवाहरलाल नेहरू, सरदार वल्लभभाई पटेल, डॉ राजेंद्र प्रसाद और मौलाना आजाद जैसे नेता भी रह चुके हैं। उन्होंने कहा कि इस तरह के बयान के बाद मल्लिकार्जुन खरगे को 'कांग्रेस अध्यक्ष बने रहने के हकदार नहीं हैं।'
-Legend News

Recent Comments