रिपोर्ट : LegendNews
आतंकी यासीन मलिक देगा अपनी पत्नी मुशाल को तलाक, कोर्ट में दिया हलफनामा
आतंकी संगठन जेकेएलएफ के अलगाववादी नेता यासीन मलिक ने अपनी पत्नी मुशाल हुसैन यासीन को शादी के बंधन से आजाद करने का फैसला किया है। टाडा कोर्ट में दिए गए हलफनामे में मलिक ने लिखा कि वह नहीं चाहता कि मुशाल अपनी बाकी जिंदगी विधवा की तरह जिए। उसकी पिछले 8 साल से बीवी-बेटी से बात नहीं हुई। हलफनामे में यासीन मलिक ने मुशाल से शादी खत्म करने की बात कही है, मगर यह उनकी प्रेम कहानी का ए एंड नहीं है। उनकी 13 साल की बेटी रजिया ने कहा कि अगर सच में उसके पिता ने मां को तलाक दिया तो जान दे देगी।
2009 में हुई थी दोनों की शादी
कश्मीर के अलगाववादी नेता यासीन मलिक ने फरवरी 2009 में पाकिस्तान की मुशाल हुसैन से शादी की थी। तब यासीन मलिक 42 साल का था। कराची में रहने वाली मुशाल उससे 20 साल छोटी थी। उसके पिता एमए हुसैन पाकिस्तान के जाने-माने अर्थशास्त्री थे और मां रेहाना नवाज शरीफ की पार्टी पाकिस्तानी मुस्लिम लीग की नेता थी। कश्मीर में अलगाववादी मूवमेंट चलाने वाले यासीन मलिक अक्सर पाकिस्तान में समर्थन जुटाने जाता था। आईएसआई और पाकिस्तानी सेना के संरक्षण में वह बड़े कार्यक्रमों में शिरकत करता था।
स्पीच ने बनाया था यासीन का दीवाना
एक इंटरव्यू में खुद मुशाल यासीन ने बताया कि 2005 में यासीन मलिक का स्पीच सुनकर वह उससे मिलने गई। मुशाल ने पहली मुलाकात में यासीन के भाषण की तारीफ की। उससे हाथ मिलाया और ऑटोग्राफ मांगा। यासीन मलिक से ऑटोग्राफ लेने के बाद वह उसके संपर्क में आ गई। दोनों के बीच लंबी बातचीत का सिलसिला शुरू हुआ। एक दिन यासीन मलिक ने मुशाल को प्रपोज कर दिया। बातचीत के दौरान यासीन ने मुशाल से कहा कि मुझे पाकिस्तान पसंद है, खासकर तुम। पाकिस्तान की रसूखदार फैमिली की मुशाल ने भी शादी के लिए हामी भर दी।
हज यात्रा पर फिक्स हुई थी शादी
बाद में मुशाल और यासीन की मां की हज यात्रा पर मुलाकात हुई, जहां उन्होंने दोनों की शादी की बात फिक्स की। 2008 में दोनों की सगाई हुई। 22 फरवरी 2009 को रावलपिंडी में यासीन मलिक और मुशाल की हाई प्रोफाइल शादी हुई। मेहमानों की लिस्ट में पाकिस्तान के राजनेता, रिटायर्ड मिलिट्री जनरल, आईएसआई चीफ और डिप्लोमैट शामिल थे। 2012 में दोनों की एक बेटी हुई, जिसका नाम रजिया सुल्तान है। इस रिश्ते के साथ यासीन मलिक तीसरे अलगाववादी नेता बन गए, जिसकी शादी सीमा पार पाकिस्तान में हुई। इससे पहले मीरवाइज उमर फारूक और सज्जाद गनी लोन ने भी पाकिस्तानी महिला से शादी की थी।
-Legend News

Recent Comments