रिपोर्ट : LegendNews
ब्रिटेन के मैनचेस्टर में यहूदियों पर हमला करने वाले आतंकी की शिनाख्त हुई
ब्रिटेन के मैनचेस्टर में एक सिनेगॉग के पास हुए हमले में दो यहूदी लोगों की मौत हो गई है. पुलिस ने यह हमला करने वाले की पहचान कर ली है.
पुलिस के मुताबिक़ हमलावर का नाम जिहाद अल-शामी है. 35 साल का अल-शामी सीरियाई मूल का ब्रिटिश नागरिक था. उसने गुरुवार को हीटन पार्क हिब्रू कांग्रिगेशन सिनेगॉग के बाहर मौजूद लोगों को कार से टक्कर मारी और फिर राहगीरों पर चाकू से हमला किया था. पुलिस ने मौक़े पर ही हमलावर को गोली मार दी थी.
ग्रेटर मैनचेस्टर पुलिस (जीएमपी) ने इस हमले को 'आतंकवादी हमला' बताया है. पुलिस ने जानकारी दी कि जांच के दौरान तीन लोगों को गिरफ़्तार किया गया है.
ब्रिटेन के प्रधानमंत्री कीएर स्टार्मर ने इस हमले की निंदा की है. उन्होंने कहा कि देशभर के सिनेगॉग्स में "अतिरिक्त पुलिस बल" तैनात किए जाएंगे.
यह हमला योम किप्पुर के दिन हुआ, जो यहूदी कैलेंडर का सबसे पवित्र दिन माना जाता है.
पीएम स्टार्मर ने क्या कहा?
प्रधानमंत्री किएर स्टार्मर ने इसे 'आतंकवादी हमला' बताया है. पीएम स्टार्मर ने गुरुवार शाम को कहा, "यहूदियों पर हुआ यह एक घिनौना आतंकवादी हमला था. उन्हें इसलिए निशाना बनाया गया क्योंकि वे यहूदी हैं. यहूदी-विरोधी भावना नफ़रत की तरह है, जो एक बार फिर बढ़ रही है."
उन्होंने कहा कि ब्रिटेन को एक बार फिर यहूदी-विरोधी भावना को हराना होगा.
प्रधानमंत्री ने अपने संबोधन में यहूदी समुदाय से एक वादा भी किया. उन्होंने कहा, "मैं देश के सभी यहूदियों से वादा करता हूं कि मैं आप सभी को वह सुरक्षा देने की हर संभव कोशिश करूंगा, जिसके आप हक़दार हैं."
प्रधानमंत्री स्टार्मर डेनमार्क की राजधानी कोपेनहेगन में नेताओं की एक समिट में थे, लेकिन इस घटना की वजह से वह समिट बीच में छोड़कर वापस ब्रिटेन लौट आए.
-Legend News

Recent Comments