भारतीय कप्तान शुभमन गिल ने वेस्टइंडीज के खिलाफ वनडे सीरीज जीतने के बाद टीम की कुछ कमजोरियों पर खुलकर बात की है। गिल ने कहा कि भारत को अगले साल होने वाले वनडे विश्व कप से पहले खासतौर पर फील्डिंग और डेथ ओवरों की गेंदबाजी में सुधार करना होगा। 
गिल ने कहा कि गेंदबाजी के दौरान टीम को कई बार यह स्पष्ट नहीं रहता कि उसे आक्रमण करना है या बचाव। खासकर डेथ ओवरों में यह समस्या ज्यादा नजर आती है। उन्होंने कहा कि जब विपक्षी टीम के पांच या छह विकेट गिर चुके हों, तब फील्डिंग कैसी रखनी है और डेथ ओवरों की गेंदबाजी कब शुरू करनी है, इसे लेकर बेहतर स्पष्टता जरूरी है।
भारत ने इस सीरीज में जसप्रीत बुमराह की सेवाएं नहीं लीं, जो एशियन गेम्स में व्यस्त थे, जबकि हार्दिक पांड्या चोट के कारण बाहर रहे। टीम मैनेजमेंट ने इस सीरीज में कई विकल्पों को आजमाया। मोहम्मद सिराज ने तीन में से केवल एक मैच खेला और उसमें भी डेथ ओवरों में गेंदबाजी नहीं की। न्यू चंडीगढ़ में डेब्यू करने वाले अंशुल कंबोज, गुरनूर बराड़ और ऑफ स्पिनर नमन धीर ने अंतिम 10 ओवरों में गेंद संभाली। गुवाहाटी में डेब्यूटेंट औकिब नबी ने भी आखिरी ओवरों में वेस्टइंडीज पर दबाव बनाया।
गिल ने टीम की फील्डिंग को लेकर भी चिंता जताई। उन्होंने कहा कि पूरी सीरीज में भारत ने छह-सात कैच छोड़े, जो विश्व कप की तैयारी को देखते हुए अच्छा संकेत नहीं है। कप्तान के मुताबिक बड़े टूर्नामेंट में फील्डिंग का स्तर शीर्ष दर्जे का होना जरूरी है। 
सीरीज के आखिरी मुकाबले में भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए सिर्फ चार रन पर दो विकेट गंवा दिए थे, लेकिन इसके बावजूद 351 रन का मजबूत स्कोर बनाया। हालांकि वेस्टइंडीज ने मैच में वापसी कर भारत को परेशानी में डाल दिया। धीमी ओवर गति के कारण भारत को 46वें ओवर के बाद जुर्माना भी भुगतना पड़ा और अंतिम कुछ गेंदों में बाउंड्री पर केवल चार फील्डर रखने की अनुमति थी। गिल ने माना कि अगर भारत ओवर पूरे कर लेता तो मुकाबला आखिरी ओवर तक जा सकता था।
गिल को सीरीज में शानदार प्रदर्शन के लिए प्लेयर ऑफ द सीरीज चुना गया। उन्होंने 334 रन बनाए, जिसमें 406 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए नाबाद दोहरा शतक भी शामिल रहा। हालांकि आखिरी मैच में जल्दी आउट होने पर वह निराश थे। उन्होंने कहा कि जेडन सील्स की गेंद पर शाई होप ने शानदार एक हाथ से कैच लिया और उस गेंद पर उनके पास करने के लिए ज्यादा कुछ नहीं था। 
-Legend News

मिलती जुलती खबरें

Recent Comments

Leave A Comment

Don’t worry ! Your Phone will not be published. Required fields are marked (*).