टी20 वर्ल्ड कप में भारत और इंग्लैंड की टक्कर अब सिर्फ एक सेमीफाइनल नहीं रही। यह कहानी का तीसरा चैप्टर- 2022 और 2024 के बाद, जो किसी एक टीम के लिए सुनहरा दौर शुरू कर सकता, तो दूसरी के लिए बड़े सवाल छोड़ सकता। 
डिफेंडिंग चैंपियन भारत अपने घर में खेल रहा है। लक्ष्य साफ है कि तीसरा टी20 वर्ल्ड कप खिताब जीतकर इतिहास रचना। वहीं इंग्लैंड किसी तरह ठोकर खाते-खाते सेमीफाइनल तक पहुंचा है। नेपाल और इटली के खिलाफ ग्रुप स्टेज में फिसलते-फिसलते बची टीम अब लगातार पांचवें टूर्नामेंट में अंतिम चार में है।
भारत को सुपर-8 में साउथ अफ्रीका से अहमदाबाद में मिली करारी हार ने झकझोर दिया था। फिर वेस्टइंडीज के खिलाफ कोलकाता में करो या मरो मुकाबले में जीतकर सेमीफाइनल टिकट पक्का किया। दूसरी ओर इंग्लैंड ने न्यूजीलैंड पर मुश्किल जीत दर्ज की, जहां विल जैक्स चार बार प्लेयर ऑफ द मैच बन चुके हैं।
संजू सैमसन ने की दमदार वापसी
भारत की गहराई इस टूर्नामेंट में काम आई है। रिंकू सिंह के पारिवारिक कारणों से बाहर होने पर संजू सैमसन को मौका मिला और उन्होंने ईडन गार्डन्स में 50 गेंदों पर नाबाद 97 ठोक दिए। साल की पिछली सात पारियों से ज्यादा रन एक ही मैच में आ गए। 
सैम करन डेथ ओवर में अहम
इंग्लैंड में भी वापसी की कहानी है। सैम करन, जो 2022 में प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट थे, पिछले साल टीम से बाहर थे, अब फिर डेथ ओवरों के भरोसेमंद ऑलराउंडर बन गए हैं। हैरी ब्रूक को नंबर तीन पर प्रमोट करना मजबूरी थी, क्योंकि जोस बटलर और फिल सॉल्ट की ओपनिंग जोड़ी सात मैचों में सिर्फ 84 रन जोड़ पाई है।
बुमराह भारत के लिए सबसे बड़ा हथियार
भारत की सबसे बड़ी ताकत गेंदबाजी है। जसप्रीत बुमराह किसी भी ओवर में मैच पलट सकते हैं, जैसा वेस्टइंडीज के खिलाफ 12वें ओवर में दो विकेट लेकर किया। इंग्लैंड जॉफ्रा आर्चर से पावरप्ले में तीन ओवर लगातार करा रहा है, लेकिन मिडिल ओवरों में स्पिन पर निर्भरता बढ़ रही है।
अभिषेक शर्मा हो सकते ट्रंप कार्ड
नजरें अभिषेक शर्मा और जोस बटलर पर रहेंगी। फरवरी 2025 में वानखेड़े पर अभिषेक ने इंग्लैंड के खिलाफ 54 गेंदों पर 135 रन ठोक दिए थे, 13 छक्कों के साथ। लेकिन इस टूर्नामेंट की शुरुआत तीन लगातार डक से हुई। जिम्बाब्वे के खिलाफ अर्धशतक आया, पर स्थिरता अभी भी सवाल है। उधर बटलर संकट में हैं। पांच पारियों से एक भी बाउंड्री नहीं। 27 गेंदों पर कुल 15 रन। फुटवर्क में कमी साफ दिखी है। इंग्लैंड उन्हें बाहर नहीं करेगा, लेकिन यह मुकाबला उनके करियर का टर्निंग पॉइंट बन सकता है।
कैसा होगा पिच का मिजाज?
भारत और इंग्लैंड के बीच सेमीफाइनल पिच नंबर-7 पर खेला जाएगा। बराबर बाउंड्री, ताजा सतह और घास की परत। हालिया गर्मी को देखते हुए 200+ स्कोर की उम्मीद है। उछाल अच्छा रहेगा, स्पिन कम मिल सकती है।
हेड टू हेड रिकॉर्ड
हेड-टू-हेड में टी20 वर्ल्ड कप में भारत 3-2 से आगे है। कुल टी20 में भारत ने 17 और इंग्लैंड ने 12 मैच जीते हैं, जिसमें भारत ने घर में पिछले सात में से 6 मुकाबले अपने नाम किए। आदिल राशिद चार विकेट लेते ही डैरेन गफ के 466 विकेट के रिकॉर्ड को पीछे छोड़ देंगे।
2022 में इंग्लैंड ने एडिलेड में 10 विकेट से भारत को हराकर खिताब जीता था। 2024 में भारत ने गुयाना में हिसाब बराबर किया। अब 2026 का यह सेमीफाइनल तय करेगा कि कौन आगे बढ़ेगा और किसके लिए नए दौर की शुरुआत होगी।
भारत की संभावित प्लेइंग-11: 1 अभिषेक शर्मा, 2 संजू सैमसन (विकेट कीपर), 3 ईशान किशन, 4 तिलक वर्मा, 5 सूर्यकुमार यादव (कप्तान), 6 हार्दिक पांड्या, 7 शिवम दूबे, 8 अक्षर पटेल, 9 अर्शदीप सिंह, 10 जसप्रीत बुमराह, 11 वरुण चक्रवर्ती।
इंग्लैंड की संभावित प्लेइंग-11: 1 फिल साल्ट, 2 जोस बटलर (विकेट कीपर), 3 हैरी ब्रूक (कप्तान), 4 जैकब बेथेल, 5 टॉम बैंटन, 6 सैम कुरेन, 7 विल जैक्स, 8 जेमी ओवरटन, 9 लियाम डॉसन, 10 जोफ्रा आर्चर, 11 आदिल राशिद।
-Legend News

मिलती जुलती खबरें

Recent Comments

Leave A Comment

Don’t worry ! Your Phone will not be published. Required fields are marked (*).