बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड के भारतीय क्रिकेट बोर्ड से द्विपक्षीय संबंधों को फिर से शुरू करने का अनुरोध किए जाने के कुछ ही दिन बाद देश की राष्ट्रीय खेल परिषद ने पूर्व कप्तान और बीसीबी के अध्यक्ष अमीनुल इस्लाम बुलबुल को मंगलवार को पद से हटा दिया और नए चुनाव होने तक बोर्ड के दैनिक कामकाज को चलाने के लिए तदर्थ समिति का गठन किया है।
बीसीबी के सूत्रों के अनुसार बुलबुल को मुख्य रूप से टी20 विश्व कप के दौरान हुए विवाद के कारण हटाया गया। उस समय तत्कालीन अंतरिम सरकार के सलाहकार आसिफ नजरुल ने पूर्व कप्तान को एक तरह से अपने काबू में कर लिया था और राष्ट्रीय टीम को वर्ल्ड कपे के लिए भारत जाने की अनुमति नहीं दी थी। इसके अलावा अमीनुल इस्लाम बुलबुल ने भारत के खिलाफ कई विवादित बयान भी दिए थे। 
भारत का किया था विरोध
भारत-विरोधी कट्टरपंथी नजरुल का रुख यह था कि आईपीएल से मुस्ताफिजुर रहमान को हटाए जाने के विरोध के तौर पर बांग्लादेश के टी20 विश्व कप के मुकाबलों को कोलकाता और मुंबई से हटाकर श्रीलंका में स्थानांतरित कर दिया जाए। इस पूरे मामले के दौरान बुलबुल केवल मूक दर्शक बने रहे और पिछले कुछ दिनों में उनके कारण बीसीबी के छह निदेशकों ने इस्तीफा दे दिया। 
तमीम इकबाल को मिली बड़ी जिम्मेदारी
बांग्लादेश के पूर्व कप्तान और देश के महानतम सलामी बल्लेबाज तमीम इकबाल को 11 सदस्यीय तदर्थ का प्रमुख बनाया गया है। इस समिति की जिम्मेदारी अगले 90 दिन के भीतर क्रिकेट बोर्ड के चुनाव करवाना है। एनएससी के निदेशक अमीनुल एहसान के अनुसार बीसीबी के मौजूदा बोर्ड को भंग करने और तदर्थ समिति गठित करने के फैसले की सूचना अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद को दे दी गई है।
हालांकि आईसीसी के नियम बोर्ड के मामलों में सरकार या किसी बाहरी संस्था के हस्तक्षेप की अनुमति नहीं देते लेकिन फिर भी इस बात की संभावना कम ही है कि यह वैश्विक संस्था बीसीबी पर प्रतिबंध लगाएगी क्योंकि एनएससी द्वारा चुनाव कराने के लिए समय सीमा पहले ही घोषित की जा चुकी है। 
-Legend News

मिलती जुलती खबरें

Recent Comments

Leave A Comment

Don’t worry ! Your Phone will not be published. Required fields are marked (*).