पीएम नरेंद्र मोदी रविवार को स्वीडन के दौरे पर पहुंच गए हैं। नीदरलैंड की यात्रा पूरी करने के बाद वह स्वीडन पहुंचे हैं। पीएम मोदी स्वीडन के गोथेनबर्ग हवाई अड्डे पर उतरे। नरेंद्र मोदी का स्वीडन के पीएम उल्फ क्रिस्टर्सन ने गर्मजोशी से स्वागत किया। इससे पहले स्वीडन के एयर स्पेस में स्वीडन में प्रवेश करते समय स्वीडिश ग्रिपेन लड़ाकू विमानों ने पीएम मोदी के विमान को एस्कॉर्ट किया। नरेंद्र मोदी छह दिन की विदेश यात्रा पर हैं।
पीएम नरेंद्र मोदी इस समय पांच देशों की यात्रा पर हैं। मोदी ने अपने दौरे की शुरुआत शुक्रवार को यूएई की विजिट के साथ की थी। इसके बाद वह नीदरलैंड गए और रविवार को यात्रा के तीसरे पड़ाव पर स्वीडन पहुंचे हैं। पीएम मोदी 17 से 18 मई तक स्वीडन में रहेंगे। स्वीडन के पीएम उल्फ क्रिस्टर्सन के निमंत्रण पर मोदी यह दौरा कर रहे हैं। स्वीडन के बाद वह नॉर्वे और इटली जाएंगे। 
आठ साल बाद स्वीडन में पीएम मोदी
पीएम नरेंद्र मोदी की स्वीडन की यह यात्रा आठ साल बाद हो रही है। इससे पहले उन्होंने 2018 में पहले इंडिया-नॉर्डिक समिट के दौरान स्वीडन का दौरा किया था। इस दौरे पर भारत और स्वीडन के बीच ग्रीन ट्रांजिशन, डिफेंस, व्यापार, निवेश और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस में अहम समझौते होने की उम्मीद है।
पीएम नरेंद्र मोदी स्वीडन में ईयू प्रमुख उर्सुला वॉन डेर लेयेन के साथ यूरोपीय बिनेस लीडर्स के एक फोरम को संबोधित करेंगे। इस यात्रा के दौरान नरेंद्र मोदी भारत और स्वीडन व्यापार, इनोवेशन, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और उभरती टेक्नोलॉजी पर व्यापक चर्चा करेंगे। इस दौरान दोनों देशों के संबंधों को बेहतर करने पर बात होगी। 
स्वीडन के पीएम के साथ बैठक
पीएम मोदी के इस दौरे में भारत को स्वीडन के माध्यम से यूरोपीय संघ के साथ अपने जुड़ाव की समीक्षा करने का अवसर मिलेगा। नरेंद्र मोदी स्वीडन के क्रिस्टर्सन के साथ द्विपक्षीय वार्ता करेंगे। इसमें द्विपक्षीय संबंधों के पूरे दायरे को शामिल किया जाएगा। बैठक में व्यापार और निवेश संबंधों को बढ़ावा देने पर जोर दिया जाएगा।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने स्वीडन के लिए रवाना होते हुए नीदरलैंड में मिले सम्मान के लिए धन्यवाद कहा है। पीएम मोदी ने कहा कि भारत और नीदरलैंड के संबंधों को नई गति मिली है। दोनों देशों ने अपने संबंधों को रणनीतिक साझेदारी तक बढ़ाने के साथ जल संसाधन, सेमीकंडक्टर, रक्षा, सतत विकास और मोबिलिटी जैसे क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने के लिए भविष्य की एक महत्वाकांक्षी रूपरेखा तैयार की है। 
-Legend News

मिलती जुलती खबरें

Recent Comments

Leave A Comment

Don’t worry ! Your Phone will not be published. Required fields are marked (*).