वृंदावन। अक्रूर स्थित श्री पंचमुखी हनुमान मंदिर में श्री हनुमद् आराधन मंडल का 15वां वार्षिक महोत्सव अनेक प्रख्यात संत-महात्माओं, धर्माचार्यों एवं गणमान्य व्यक्तियों की उपस्थिति में अत्यंत हर्षोल्लास और धूमधाम के साथ संपन्न हुआ। महोत्सव में धार्मिक, आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाली विभूतियों का सम्मान किया गया।

महोत्सव का शुभारंभ अत्यंत प्राचीन श्री पंचमुखी हनुमान जी के विधि-विधानपूर्वक पूजन-अर्चन के साथ हुआ। इसके उपरांत संगीतमय सामूहिक सुंदरकांड पाठ, हनुमान जी के भजनों पर संकीर्तनमय नृत्य, विचार गोष्ठी, विशिष्ट व्यक्तियों का सम्मान, महाआरती एवं वृहद भंडारे का आयोजन किया गया। भंडारे में राजस्थान के कुशल हलवाइयों द्वारा तैयार किए गए स्वादिष्ट व्यंजनों का असंख्य श्रद्धालुओं एवं ब्रजवासियों ने आनंद लिया।

विपिन बापू को मिली ‘विद्या वारिधि’ की मानद उपाधि

महोत्सव का विशेष आकर्षण श्री हनुमद् आराधन मंडल के कोषाध्यक्ष एवं प्रख्यात भागवत प्रवक्ता विपिन बापू को प्रदान की गई ‘विद्या वारिधि’ (पीएचडी) की मानद उपाधि रही। विश्व हिंदी मंच एवं हिंदी साहित्य भारती की ओर से संस्कृति, धर्म एवं अध्यात्म के क्षेत्र में उनकी अविस्मरणीय सेवाओं के लिए उन्हें यह मानद उपाधि प्रदान की गई।

इस अवसर पर महंत रामचंद्र दास महाराज (धीर समीर आश्रम), मथुरा-वृंदावन के विधायक श्रीकांत शर्मा एवं विश्व हिंदी मंच के अध्यक्ष डॉ. प्रणव शास्त्री सहित अन्य गणमान्य व्यक्तियों ने उन्हें प्रशस्ति पत्र, हनुमान जी का चित्रपट, ठाकुर जी का पटका, प्रसादी माला, अंगवस्त्र एवं प्रसाद भेंट कर सम्मानित किया। साथ ही उनके स्वस्थ, समृद्ध एवं प्रगतिमय जीवन की मंगलकामना की गई।

डॉ. गोपाल चतुर्वेदी का भी हुआ सम्मान

महोत्सव के अंतर्गत उत्तर प्रदेश के पूर्व उपमुख्यमंत्री डॉ. दिनेश शर्मा द्वारा ‘यूपी रत्न’ की मानद उपाधि से अलंकृत वरिष्ठ साहित्यकार एवं पत्रकार डॉ. गोपाल चतुर्वेदी को भी सम्मानित किया गया। इस अवसर पर उन्हें श्री हनुमद् आराधन मंडल का मीडिया प्रभारी घोषित किया गया।

कार्यक्रम का संचालन मंडल के मार्गदर्शक डॉ. मनोज मोहन शास्त्री ने किया।

ये रहे उपस्थित

इस अवसर पर जगतगुरु बाबा बलराम दास महाराज, महामंडलेश्वर कृष्णानंद महाराज, मंडल के संस्थापक अध्यक्ष अशोक व्यास, डॉ. अशोक शास्त्री, डॉ. अश्विनी मिश्रा, डॉ. चतुर नारायण पाराशर, राजू भैया, भागवत विदुषी कीर्ति किशोरी, भागवत प्रवक्ता वर्षा कौशल, विनय त्रिपाठी, संजीव कृष्ण शास्त्री ठाकुरजी, मृदुल कृष्ण शास्त्री, भजन सम्राट बनवारी महाराज, कमल नयन महाराज, गोपाल भैया, सुमंत कृष्ण शास्त्री, डॉ. गौरव शर्मा, मनप्रीत कौर, अंशुल पाराशर, यदुनंदन आचार्य, नेत्रपाल शास्त्री, धर्म पथिक शैलेंद्र कृष्ण महाराज, तुलसी स्वामी, आचार्य घनश्याम दुबे, मीरा शास्त्री, रासाचार्य रामशरण महाराज, पंडित श्याम सुंदर ब्रजवासी, डॉ. ऋषि तिवारी, चैतन्य किशोर कटारे, पंडित सत्यभान शर्मा बाबूजी, जगदीश ठाकुरजी, गौसेवी संत कृष्णानंद भूरीवाले सहित अनेक संत-महात्मा, धर्माचार्य एवं गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

महोत्सव का समापन हनुमान जी की महाआरती एवं प्रसाद वितरण के साथ भक्तिमय वातावरण में हुआ।

- Legend News

मिलती जुलती खबरें

Recent Comments

Leave A Comment

Don’t worry ! Your Phone will not be published. Required fields are marked (*).