पाकिस्तान के अशांत खैबर पख्तूनख्वा (Khyber Pakhtunkhwa) प्रांत में रविवार को एक शांति रैली के दौरान हुए संदिग्ध आत्मघाती धमाके में कम से कम 14 लोगों की मौत हो गई, जिसमें 8 पुलिस वाले शामिल हैं। इसके अलावा 22 अन्य घायल हो गए। शुरुआती जानकारी के मुताबिक हमले का निशाना पाकिस्तानी पुलिसकर्मी थे, जो रैली की सुरक्षा में तैनात थे। 
सोशल मीडिया पर घटना के कई वीडियो सामने आए हैं, जिनमें धमाके के बाद मौके पर अफरा-तफरी और लोगों को सुरक्षित स्थानों की ओर भागते देखा जा सकता है।
स्वात जिले में चल रही थी 'शांति रैली'
समाचार एजेंसी PTI के अनुसार यह विस्फोट स्वात जिले के एक कस्बे में उस समय हुआ, जब स्थानीय आदिवासी परिषद 'स्वात अमन जिरगा' की ओर से शांति रैली निकाली जा रही थी।
रैली में शामिल लोग इलाके में बिगड़ती सुरक्षा स्थिति के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे थे। उनके हाथों में शांति की अपील वाले पोस्टर और बैनर थे तथा वे आतंकवाद और हिंसा के खिलाफ नारे लगा रहे थे।
प्रारंभिक जांच में अधिकारियों को यह आत्मघाती हमला प्रतीत हो रहा है, हालांकि पाकिस्तानी प्रशासन ने अभी तक इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। सुरक्षा एजेंसियां घटनास्थल से सबूत जुटाने में लगी हैं और विस्फोट के कारणों की जांच कर रही हैं।
पुलिसकर्मी थे निशाने पर
रिपोर्ट के मुताबिक धमाके का मुख्य निशाना पाकिस्तानी पुलिसकर्मी थे, जो रैली की सुरक्षा व्यवस्था संभाल रहे थे। विस्फोट इतना शक्तिशाली था कि आसपास मौजूद कई लोग इसकी चपेट में आ गए।
घायलों को अस्पताल भेजा गया, इलाके की घेराबंदी
धमाके के तुरंत बाद बचाव दल मौके पर पहुंचे और घायलों को नजदीकी अस्पतालों में  भर्ती कराया गया। पुलिस और अन्य कानून प्रवर्तन एजेंसियों ने पूरे इलाके की घेराबंदी कर दी है। सुरक्षा बलों ने सर्च ऑपरेशन भी शुरू कर दिया है। 
पिछले कुछ महीनों से बढ़े हैं आतंकी हमले
खैबर पख्तूनख्वा प्रांत पिछले कुछ समय से लगातार आतंकी गतिविधियों का सामना कर रहा है। खासकर स्वात और आसपास के इलाकों में सुरक्षा हालात बिगड़े हैं। इसी वजह से स्थानीय लोगों ने क्षेत्र में शांति और बेहतर सुरक्षा व्यवस्था की मांग को लेकर यह रैली आयोजित की थी। 
-Legend News

मिलती जुलती खबरें

Recent Comments

Leave A Comment

Don’t worry ! Your Phone will not be published. Required fields are marked (*).