रिपोर्ट : LegendNews
वनडे फॉर्मेट की ट्राई-सीरीज का चौथा मैच श्रीलंका-A ने भारत-A से छीना
भारत-A और श्रीलंका-A के बीच सोमवार को रंगिरी दांबुला इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में वनडे फॉर्मेट की ट्राई-सीरीज का चौथा मैच टाई हो गया. श्रीलंका-A ने इसके बाद भारत-A से सुपर ओवर में जीत छीन ली. यह वनडे मैच इतना रोमांचक रहा कि फैंस ने भी दांतों तले उंगली दबा ली. बता दें कि इस मैच में भारत-A पर 10 रन का जुर्माना लगाया गया था, जो अंत में उसकी हार का सबसे बड़ा कारण भी बना.
ऐसा इसलिए हुआ क्योंकि भारत-A की बैटिंग के दौरान ऑलराउंडर विपराज निगम ने पहले मिली चेतावनियों के बावजूद दो बार पिच के प्रोटेक्टेड एरिया पर दौड़ लगाई. ऐसे में अंपायर्स ने भारतीय टीम पर 10 रन का जुर्माना लगाने का फैसला लिया. मैदान पर मौजूद अंपायर्स प्रगीथ रामबुकवेला और शांता फोंसेका ने 34वें और 37वें ओवर के बीच यह सजा सुनाई.
भारत पर लगा 10 रन का जुर्माना
दूसरी बार नियम तब टूटा जब विपराज निगम ने शॉर्ट थर्ड मैन की तरफ सिंगल लेने की कोशिश की, लेकिन नॉन-स्ट्राइकर सूर्यांश शेडगे ने उन्हें वापस भेज दिया. अपनी क्रीज पर वापस लौटने की हड़बड़ी में, वह सीधे पिच के बीच से दौड़ पड़े. विपराज निगम ने 2 ओवर पहले भी ऐसी ही गलती की थी, इसलिए अंपायर्स को कार्रवाई करनी पड़ी.
भारतीय पारी के दौरान बार-बार नियम तोड़ने के चलते दो बार पांच-पांच रन की पेनाल्टी लगाई गई, जिसका मतलब था कि श्रीलंकाई पारी के शुरू होने से पहले ही उनके खाते में 10 रन जुड़ गए थे. टॉस गंवाकर बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम 49.2 ओवरों में महज 265 रन पर सिमट गई और श्रीलंका-A को जीत के लिए 266 रनों का टारगेट मिला. श्रीलंका-A की जब बैटिंग शुरू हुई तो उसका स्कोर बिना कोई गेंद खेले ही 10/0 था.
श्रीलंका-A ने भारत-A से ऐसे छीन ली जीत
श्रीलंका-A ने भी 50 ओवर में 9 विकेट गंवाकर 265 रन बना लिए और मैच टाई हो गया. इसके बाद मैच का फैसला सुपर ओवर में हुआ. श्रीलंका-A ने सुपर ओवर में 16 रन बनाए और भारत-A के सामने जीत के लिए 17 रन का टारगेट रखा. जवाब में भारत-A की टीम सुपर ओवर में सिर्फ 9 रन ही बना पाई और श्रीलंका-A ने यह मैच रोमांचक तरीके से जीत लिया. भारत-A की टीम पर अगर 10 रन का जुर्माना नहीं लगा होता तो इस मैच में उसे हार का सामना नहीं करना पड़ता.
-Legend News

Recent Comments