रिपोर्ट : LegendNews
सपा सांसद बाबू सिंह कुशवाहा की करोड़ों की संपत्ति को ED ने किया जब्त
उत्तर प्रदेश के जौनपुर से समाजवादी पार्टी सांसद बाबू सिंह कुशवाहा के खिलाफ कार्रवाई की गई है। प्रवर्तन निदेशालय (ED) की टीम ने लखनऊ के कानपुर रोड में स्कूटर इंडिया स्थित करोड़ों की संपत्ति को ईडी की टीम ने जब्त कर लिया। अब इस एक्शन की चर्चा शुरू हो गई है। इस एक्शन के बाद यूपी की राजनीति में हड़कंप मचा हुआ है। ईडी एक्शन का मामला शुक्रवार सुबह से ही गरमाया हुआ था।
दरअसल, इंडिया गठबंधन में शीर्ष पार्टी कांग्रेस सांसद और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने खुद के खिलाफ ईडी की कार्रवाई से संबंधित आशंका जताई। उन्होंने कहा कि हमारे चक्रव्यूह वाले बयान के बाद ईडी कार्रवाई कर सकती है। हम तैयार हैं। हालांकि, राहुल गांधी के खिलाफ ईडी की कार्रवाई तो नहीं हुई, लेकिन लखनऊ में एक्शन जरूर हो गया।
समाजवादी पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव के सांसद बाबू सिंह कुशवाहा इस एक्शन का शिकार हुए। सपा सांसद के खिलाफ ईडी ने बड़ी कार्रवाई की है। अखिलेश यादव भी इंडिया गठबंधन का हिस्सा हैं। ऐसे में राहुल गांधी का पूर्वानुमान शुक्रवार की सुबह तो सही साबित नहीं हुआ। उनके सहयोगी दल के नेता के खिलाफ जरूर कार्रवाई हो गई है। ईडी की ओर से मनी लॉन्ड्रिंग केस में यह कार्रवाई की गई है।
2012 में दर्ज हुआ था केस
मायावती सरकार में मंत्री रहे बाबू सिंह कुशवाहा के खिलाफ कभी अखिलेश यादव और कांग्रेस हमलावर थी। एनएचआरएम केस में बाबू सिंह कुशवाहा का नाम सामने आया था। संपत्तियों के घोटाले के मुख्य आरोपी बसपा सरकार में मंत्री रह बाबू सिंह कुशवाहा और उनके करीबी रहे सौरभ जैन को आरोपी बनाया गया था। एनएचआरएम घोटाले में करोड़ों का घपला किया गया था। इस घोटाले में बाबू सिंह कुशवाहा और उनके सहयोगियों के खिलाफ ईडी ने 14 फरवरी 2012 को प्रिवेंशन ऑफ मनी लॉन्ड्रिंग एक्ट 2002 के तहत केस दर्ज किया। इसके बाद ईडी ने छापे मारकर कई दस्तावेज बरामद किए थे।
बाबू सिंह कुशवाहा के खिलाफ पिछले 12 सालों में कई बार कार्रवाई हुई। दिल्ली, लखनऊ और जौनपुर में उनके खिलाफ कार्रवाई हुई है। पीएमएलए के तहत सपा के वर्तमान सांसद के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है। भाजपा का इस संबंध में कहना है कि पूर्व के समय में दर्ज केस में जांच एजेंसी की कार्रवाई चल रही है।
चर्चा में आई है ईडी
प्रवर्तन निदेशालय इन दिनों खासी चर्चा में है। कांग्रेस सांसद और नेता प्रतिपक्ष ने संसद के बजट सत्र के दौरान ईडी को भाजपा के चक्रव्यूह का हिस्सा बताया था। वहीं, भाजपा के खिलाफ लगातार वह आरोप लगा रहे थे। शुक्रवार को राहुल गांधी ने अपने खिलाफ ईडी की कार्रवाई की बात कर सनसनी मचा दी। हालांकि, अब उनके सहयोगी अखिलेश यादव के करीबी के खिलाफ ईडी का एक्शन हो गया है। इस पर चर्चा गरमा गई है। संसद में अखिलेश यादव भी इन दिनों भाजपा के खिलाफ जबर्दस्त हमले कर रहे हैं। अब इस प्रकार की कार्रवाई को विवाद में फंसाया जा रहा है।
-Legend News
Recent Comments