बॉलीवुड एक्‍ट्रेस सोनाली बेंद्रे और उनके फिल्‍ममेकर पति गोल्‍डी बहल कानूनी विवाद में फंस गए हैं। पुणे के एक किसान ने सेलिब्रिटी कपल पर जमीन हड़पने का आरोप लगाया है। इस बाबत एक सिविल मुकदमा भी दायर किया गया है। पीड़‍ित किसान ने दावा किया है कि सोनाली और गोल्‍डी ने ना सिर्फ उनकी जमीन पर कब्जा किया, बल्‍क‍ि 'माफिया-स्टाइल' में धमकी भी दी। हालांकि, इस बीच एक्ट्रेस और उनके वकील ने इन आरोपों को बेबुनियाद और झूठा बताया है। सोनाली बेंद्रे का कहना है कि यह केस उनसे पैसे ऐंठने की एक झूठी कोशिश है।
न्‍यूज़ एजेंसी PTI के मुताबिक अदालत में शिकायतकर्ताओं चंद्रकांत बालू शिंदे (50) और उनकी मां कमलबाई (75) ने दावा किया है कि इस मशहूर जोड़ी ने अपने रसूख का इस्तेमाल किया और कथित तौर पर स्थानीय पुलिस की मदद से मावल तालुका के उकसन गांव में उनकी 30 गुंठा (32,000 वर्ग फीट से ज्यादा) जमीन पर जबरदस्ती कब्जा कर लिया। यह केस पिछले महीने वडगांव मावल की एक सिविल अदालत में वकील वनराज शिंदे के जरिए दायर किया गया है। कोर्ट में इस मामले की सुनवाई 24 अप्रैल को होनी है। 
दशकों पुराने किरायेदारी के अधिकारों का दावा
अदालत में दर्ज केस के मुताबिक चंद्रकांत बालू शिंदे का परिवार 1940 के दशक से ही इस विवादित जमीन पर 'सुरक्षित किरायेदार' के तौर पर खेती करता आ रहा है। उन्होंने आरोप लगाया है कि 1980 के दशक में बिना किसी सूचना के राजस्व रिकॉर्ड से उनके नाम हटा दिए गए थे। याचिका में कहा गया है कि यह विवाद तब शुरू हुआ जब जमीन के मूल मालिकों ने कथित तौर पर 2012 में यह संपत्ति किसी स्थानीय व्यक्ति को बेच दी। बाद में इस जमीन का एक हिस्सा मार्च 2021 में गोल्डी बहल को बेच दिया गया। मां-बेटे की इस जोड़ी ने इन सौदों को 'अवैध' और 'अमान्य' बताया है। दावा किया है कि उनके किरायेदारी के अधिकार कभी भी कानूनी तौर पर खत्म नहीं किए गए थे। 
सोनाली बेंद्रे और गोल्‍डी बहल पर धमकी देने, पुलिस पर पक्षपात के आरोप
शिकायतकर्ताओं ने अपनी याचिका में धमकाने और अधिकार का गलत इस्तेमाल करने का भी आरोप लगाया है। केस के मुताबिक, 14 दिसंबर 2025 को सोनाली बेंद्रे और गोल्डी बहल कथित तौर पर मजदूरों और भारी मशीनों के साथ उस जमीन पर पहुंचे, बिना अनुमति के निर्माण कार्य शुरू कर दिया। जब कमलबाई ने बीच-बचाव करने की कोशिश की, तो कथित तौर पर उन्हें धमकाया गया। शिकायत में आगे यह भी कहा गया है कि मौके पर मौजूद पुलिस अधिकारियों ने भी उल्‍टा श‍िंदे परिवार को ही चेतावनी दी कि अगर वे उस कपल को 'परेशान' करना जारी रखेंगे, तो उन्हें चोरी के झूठे मामलों में फंसा दिया जाएगा। 
सोनाली बेंद्रे ने आरोपों से किया इंकार
दूसरी ओर, सोनाली बेंद्रे ने इन आरोपों से इंकार किया। श‍िंदे परिवार के दावों पर प्रतिक्रिया देते हुए 51 साल की एक्‍ट्रेस ने कहा कि मावल प्रॉपर्टी से जुड़े जमीन खरीद के किसी भी दस्तावेज में उनका नाम नहीं है। 
सोनाली बेंद्रे के वकील बोले, ये पैसे ऐंठने का तरीका
इस मामले को बेबुनियाद बताते हुए एक्‍ट्रेस के वकील राजू शिंदे ने भी बयान दिया। उन्‍होंने कहा, 'यह एक झूठा मामला है, जिसे सिर्फ पैसे ऐंठने के लिए रचा गया है। अब यह मामला अदालत में आगे बढ़ेगा। 
-Legend News

मिलती जुलती खबरें

Recent Comments

Leave A Comment

Don’t worry ! Your Phone will not be published. Required fields are marked (*).