उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ में लगातार हो रही बारिश के बीच बुधवार देर रात करीब तीन बजे नगर कोतवाली क्षेत्र के महुली वार्ड में एक दर्दनाक हादसा हो गया। बारिश के कारण कमजोर हो चुके एक जर्जर मकान की छत अचानक भरभराकर गिर गई। हादसे के समय पूरा परिवार घर के अंदर सो रहा था, जिससे सभी लोग मलबे के नीचे दब गए। 
हादसे में मकान मालिक 60 वर्षीय प्रमोद श्रीवास्तव, उनकी पत्नी 55 वर्षीय रीता श्रीवास्तव, पुत्र 25 वर्षीय नितिन, छोटी बहू 23 वर्षीय माधुरी, दो वर्षीय माधव और महज चार माह के अद्विक की मौत हो गई। परिवार का सदस्य अमन गंभीर रूप से घायल है, जिसका अस्पताल में इलाज जारी है।
छत गिरने की तेज आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। पुलिस, स्थानीय प्रशासन और लोगों ने मिलकर करीब दो घंटे तक राहत एवं बचाव अभियान चलाया। मलबे में दबे सभी लोगों को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने छह लोगों को मृत घोषित कर दिया।
इस दर्दनाक हादसे के बाद पूरे इलाके में मातम का माहौल है। स्थानीय लोग लगातार हो रही बारिश और जर्जर भवनों की स्थिति को लेकर चिंता जता रहे हैं। लोगों का कहना है कि ऐसे पुराने और कमजोर मकानों की समय रहते जांच और मरम्मत कराई जानी चाहिए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं से बचा जा सके।
प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है और हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है। वहीं, घायल युवक का इलाज जारी है। लगातार हो रही बारिश के बीच प्रशासन ने लोगों से जर्जर मकानों में रहने से बचने और सतर्क रहने की अपील भी की है। 
-Legend News

मिलती जुलती खबरें

Recent Comments

Leave A Comment

Don’t worry ! Your Phone will not be published. Required fields are marked (*).