रिपोर्ट : LegendNews
गायक और अभिनेता दिलजीत दोसांझ ने खारिज कीं राजनीति में आने की अटकलें
पंजाबी गायक और अभिनेता दिलजीत दोसांझ ने राजनीति में आने की अटकलों को खारिज करते हुए साफ कहा है कि उनका फोकस केवल मनोरंजन की दुनिया पर है।
दिलजीत ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट में लिखा, “Kade vi nahi… Mera kaam entertainment karna. I am very happy in my field. Thank you so much.” यानी “कभी नहीं… मेरा काम एंटरटेनमेंट करना है। मैं अपने क्षेत्र में बहुत खुश हूं।”
हाल के दिनों में दिलजीत न केवल अपने ‘Aura 2026’ टूर को लेकर चर्चा में हैं, बल्कि खालिस्तान समर्थक तत्वों के खिलाफ अपने रुख को लेकर भी सुर्खियों में बने हुए हैं।
दरअसल, ‘जागो पंजाब मंच’ नामक सामाजिक संगठन ने हाल ही में विज्ञापन प्रकाशित कर दिलजीत से राजनीति में आने की अपील की थी। पूर्व सैन्य अधिकारियों और विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े लोगों वाले इस संगठन ने उनसे “समय की जरूरत” बताते हुए राजनीति में कदम रखने का आग्रह किया था।
इसी बीच कनाडा के कैलगरी कॉन्सर्ट का दिलजीत का एक नया वीडियो भी सामने आया है। विन्निपेग में अपने कार्यक्रम से पहले उन्होंने मंच से कहा, “मुझे दोनों तरफ से गालियां पड़ती हैं। भारत में लोग मुझे खालिस्तानी कहते हैं, जबकि यहां खालिस्तान समर्थक मुझे ‘इंडिया वाला’ कहते हैं। मुझे समझ नहीं आता कि मैं कहां का हूं, लेकिन मुझे लगता है कि मैं सही रास्ते पर हूं।”
बताया जा रहा है कि 1 मई को कैलगरी में हुए ‘Aura 2026’ कॉन्सर्ट के दौरान खालिस्तानी झंडे लहराने पर आपत्ति जताने के बाद कुछ खालिस्तान समर्थक समूहों के साथ उनका विवाद बढ़ गया। हालांकि, विन्निपेग में उनके कार्यक्रम के दौरान विरोध करने पहुंचे कुछ लोगों को खास समर्थन नहीं मिला।
पंजाबी गायक-अभिनेता दिलजीत दोसांझ ने राजनीति में आने की अटकलों को खारिज करते हुए कहा कि उनका काम सिर्फ एंटरटेनमेंट करना है।
-Legend News

Recent Comments