वृन्दावन। मोतीझील स्थित श्रीराधा उपासना कुंज में ब्रज अकादमी के तत्वावधान में ब्रज के प्रख्यात संत श्रीपाद बाबा महाराज का 29 वें त्रिदिवसीय समाराधन महोत्सव के दूसरे दिन प्रातः काल महंत बाबा संतदास महाराज के पावन सानिध्य में समाज गायन किया गया।
वृहद सन्त-विद्वत सम्मेलन में अपने विचार व्यक्त करते हुए श्रीपीपाद्वाराचार्य जगद्गुरु बाबा बलरामदास देवाचार्य महाराज एवं महामंडलेश्वर स्वामी सत्यानंद सरस्वती महाराज (डॉ. अधिकारी गुरूजी) ने कहा कि सन्त प्रवर श्रीपाद बाबा महाराज प्रत्येक क्षण व हर घड़ी प्रभु की नित्य लीलाओं में निमग्न रहते हैं।उन्हें सदैव ब्रज भूमि, गौ एवं ब्रज भाषा के उत्थान व संरक्षण का चिंतन रहता था। 
अध्यक्षता करते हुए महामंडलेश्वर स्वामी कृष्णानंद महाराज एवं परम् हितधर्मी डॉ. चन्द्रप्रकाश शर्मा ने कहा कि संत श्रीपाद बाबा महाराज को श्रीधाम वृंदावन, ब्रज संस्कृति एवं ब्रजवासियों से बहुत ही लगाव था।उन्होंने अपना सम्पूर्ण जीवन इन्हीं की सेवा व संरक्षण के लिए समर्पित किया।ऐसे दिव्य संत को हम बारंबार प्रणाम करते हैं।
श्रीराधा उपासना कुंज के महंत बाबा संतदास महाराज एवं ब्रज अकादमी की सचिव साध्वी डॉ. राकेश हरिप्रिया ने कहा कि ने कहा कि हमारे सदगुरुदेव श्रीपाद बाबा महाराज अत्यंत सेवाभावी व नि:स्पृह संत थे।वे पूर्ण समर्पण के साथ निर्धन, निराश्रित व दीन- दुखियों की सेवा करते थे।उन जैसी विभूतियों का तो अब युग ही समाप्त होता चला जा रहा है।
प्रख्यात साहित्यकार "यूपी रत्न" डॉ. गोपाल चतुर्वेदी एवं प्रख्यात भजन गायक पण्डित बनवारी महाराज ने कहा कि संत प्रवर श्रीपाद बाबा महाराज अनेकानेक सद्गुणों की खान थे।हम लोग यदि उनके किसी एक गुण को भी अपने जीवन में धारण कर लें,तो हमारा कल्याण हो सकता है।
इस अवसर पर सन्त महेशानंद सरस्वती महाराज, संत सेवानंद ब्रह्मचारी, पण्डित बिहारीलाल वशिष्ठ, श्रीशुकाचार्य पीठाधीश्वर डॉ. रमेश चंद्राचार्य विधिशास्त्री महाराज, पण्डित देवकीनंदन शर्मा, ब्रज अकादमी के निदेशक डॉ. बी.बी. माहेश्वरी, युवा साहित्यकार डॉ. राधाकांत शर्मा, स्वामी लेखराज शर्मा, पिंकी माथुर आदि ने भी अपने विचार व्यक्त किए।संचालन डॉ. गोपाल चतुर्वेदी ने किया।धन्यवाद ज्ञापन एवं सभी संतों-विद्वानों का स्वागत-सम्मान साध्वी डॉ. राकेश हरिप्रिया ने किया।
सायं को प्रख्यात रासाचार्य स्वामी भुवनेश्वर वशिष्ठ के निर्देशन में रासलीला का अत्यंत नयनाभिराम व चित्ताकर्षक मंचन किया गया।
-Legend News

मिलती जुलती खबरें

Recent Comments

Leave A Comment

Don’t worry ! Your Phone will not be published. Required fields are marked (*).