कई हफ्तों तक चले टास्क, ड्रामा और कड़े मुकाबले के बाद आखिरकार लॉकअप: सच या सजा सीजन 2 को अपना विजेता मिल गया। फराह खान और रितेश देशमुख के होस्ट किए गए इस रियलिटी शो की ट्रॉफी श्रेया कालरा ने अपने नाम कर ली। ग्रैंड फिनाले में उन्होंने शिवांगी जोशी को हराकर खिताब जीता। 
जीत के साथ मिला 1 करोड़ रुपये का इनाम 
ट्रॉफी के साथ श्रेया कालरा को 1 करोड़ रुपये की प्राइज मनी भी दी गई। विजेता बनने की घोषणा होते ही सोशल मीडिया पर फैंस ने उन्हें बधाइयां देना शुरू कर दिया। कई लोगों ने उनकी जीत को पूरी तरह डिजर्विंग बताया।
ट्रॉफी जीतकर हुईं भावुक 
जब फराह खान और रितेश देशमुख ने श्रेया के नाम का एलान किया, तो वह काफी भावुक हो गईं। ट्रॉफी लेने के बाद उन्होंने कहा, यह मेरे लिए किसी सपने के सच होने जैसा है। इसके बाद वह अपनी साथी कंटेस्टेंट और दोस्त शिल्पा को गले लगाती नजर आईं।
ऐसे हुआ विजेता का फैसला 
शो के विजेता का फैसला 25 सदस्यों की ज्यूरी ने किया। इस ज्यूरी में मीडिया से जुड़े लोग, शो के पूर्व कंटेस्टेंट और एलिमिनेट हुए इनमेट्स शामिल थे। रिपोर्ट्स के मुताबिक 18 ज्यूरी सदस्यों और 5 पूर्व इनमेट्स ने श्रेया कालरा के पक्ष में वोट किया, जिससे उन्हें कुल 23 वोट मिले। वहीं शिवांगी जोशी को करीब 16 वोट मिले जबकि योगेश रावत को सिर्फ 2 वोट मिले।
7 वोटों से जीतीं श्रेया
योगेश रावत तीसरे स्थान पर रहे, जिसके बाद फाइनल मुकाबला श्रेया कालरा और शिवांगी जोशी के बीच हुआ। आखिर में बाकी इनमेट्स से भी टॉप-2 फाइनलिस्ट के लिए वोटिंग कराई गई। वोटों की गिनती पूरी होने के बाद रितेश देशमुख ने बताया कि विजेता और रनर-अप के बीच 7 वोटों का अंतर था। इसके बाद फराह खान और रितेश देशमुख ने श्रेया कालरा को 'लॉकअप 2' का विजेता घोषित किया।
क्या बोलीं श्रेया?
ट्रॉफी हाथ में लेने के बाद श्रेया ने कहा कि उन्होंने इस शो के लिए अपना मानसिक, शारीरिक और भावनात्मक रूप से सब कुछ झोंक दिया था। उन्होंने कहा, मैंने इस शो के लिए अपना सब कुछ दिया है। मैं अभी भावनात्मक रूप से बहुत मजबूत महसूस नहीं कर रही हूं। यह 1 करोड़ रुपये मेरे लिए काफी मददगार साबित होंगे। इस पर फराह खान ने मजाक में कहा, बाकी लोगों की मेंटल हेल्थ का क्या? श्रेया ने मुस्कुराते हुए जवाब दिया, अगर मैं जीत गई हूं तो मैं सबकी थेरेपी का खर्च उठाऊंगी।
फैंस ने बताया डिजर्विंग विनर
श्रेया की जीत के बाद सोशल मीडिया पर लगातार प्रतिक्रियाएं सामने आईं। एक यूजर ने लिखा, श्रेया ने पूरे शो को अपने दम पर संभाला, वह इस जीत की असली हकदार हैं। वहीं दूसरे यूजर ने कहा, यह पूरी तरह डिजर्विंग जीत है। एक अन्य फैन ने लिखा, मेरी नजर में श्रेया ही ट्रॉफी की सही हकदार थी। 
-Legend News

मिलती जुलती खबरें

Recent Comments

Leave A Comment

Don’t worry ! Your Phone will not be published. Required fields are marked (*).