रिपोर्ट : LegendNews
शालिनी पांडे ने सोशल मीडिया पर तेजी से फैल रहे अपने वीडियो को फेक बताया
एक्ट्रेस शालिनी पांडे ने आखिरकार सोशल मीडिया पर तेजी से फैल रहे अपने कथित मॉर्फ्ड वीडियो पर चुप्पी तोड़ी है। इस वीडियो में एक्ट्रेस को कथित तौर पर टॉपलेस दिखाया गया है, जिसे शालिनी ने फेक बताया है।
शालिनी पांडे ने सोशल मीडिया पर इस वीडियो के फैलने के बारे में बात की और लोगों से इसे आगे न फैलाने की अपील की। सोमवार को अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक बयान में उन्होंने लिखा, 'मैं अपने एक फेक, AI-जनरेटेड वीडियो के बारे में बात करना चाहती हूं जो अभी ऑनलाइन फैल रहा है। यह वीडियो पूरी तरह से बनावटी है और इसमें मैं नहीं हूं। यह देखना बहुत परेशान करने वाला है कि टेक्नोलॉजी का इस्तेमाल लोगों, खासकर महिलाओं को निशाना बनाने और उन्हें नुकसान पहुंचाने के लिए इस तरह किया जा रहा है।'
शालिनी ने की कड़ी निंदा
उन्होंने आगे लिखा, 'मैं इस तरह के गलत व्यवहार की कड़ी निंदा करती हूं और मानती हूं कि टेक्नोलॉजी के ऐसे गलत इस्तेमाल को कभी भी सामान्य नहीं माना जाना चाहिए। अगर आपको यह वीडियो दिखे, तो कृपया इसे शेयर, फॉरवर्ड या डाउनलोड न करें और न ही इस पर कोई प्रतिक्रिया दें। इसके बजाय कृपया तुरंत इसकी रिपोर्ट करें। मैं सभी से जिम्मेदार और समझदार बनने की अपील करती हूं और चाहती हूं कि इसे और ज्यादा लोगों तक पहुंचाने के बजाय इसे फैलने से रोकने में मदद करें। धन्यवाद!'
कई मशहूर हस्ती बने इसका शिकार
शालिनी पांडे का यह बयान AI से बने और डिजिटल रूप से बदले गए कंटेंट, खासकर मशहूर हस्तियों से जुड़े कंटेंट को लेकर बढ़ती चिंताओं के बीच आया है। ऐसे वीडियो बनाए या बदले जा सकते हैं जिनसे ऐसा लगे कि कोई व्यक्ति उस फुटेज में मौजूद है जिसका वह कभी हिस्सा ही नहीं था। इससे सहमति और प्राइवेसी को लेकर गंभीर सवाल उठते हैं।
शालिनी पांडे की फिल्में
शालिनी ने 2017 की हिट तेलुगू फिल्म 'अर्जुन रेड्डी' से एक्टिंग की दुनिया में कदम रखा था। इसके बाद उन्होंने 'जयेशभाई जोरदार', 'महाराज' और हाल ही में वरुण शर्मा और पुलकित सम्राट के साथ फिल्म 'राहु केतु' जैसी फिल्मों में काम किया।
-Legend News

Recent Comments