इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) के ठीक बाद वेस्टइंडीज और यूनाइटेड स्टेट ऑफ अमेरिका (USA) में टी20 वर्ल्ड कप 2024 खेला जाएगा। 1 से 29 जून के बीच खेले जाने वाले इस मेगा टूर्नामेंट पर आतंकी हमले का साया मंडरा रहा है। रिपोर्ट्स के मुताबिक वेस्टइंडीज को आतंकी हमले की धमकी मिली है। यह धमकी उत्तरी पाकिस्तान के एक आतंकी संगठन ने दी है। 
उत्तरी पाकिस्तान से आई इस धमकी ने किसी को सख्ते में डाल दिया है। दरअसल, आतंकी संगठन इस्लामिक स्टेट की अफगानिस्तान-पाकिस्तान ब्रांच यानी आईएस-खोरासान ने दुनियाभर के बड़े आयोजनों को निशाना बनाने की धमकी दी है जिसमें टी20 वर्ल्ड कप भी शामिल है। हालांकि इस धमकी के तुरंत बाद क्रिकेट वेस्टइंडीज (CWI) ने सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करना शुरू कर दिया है।
क्रिकेट वेस्टइंडीज के सीईओ जॉनी ग्रेव्स ने आतंकी हमले की धमकी के बीच सुरक्षा चिंताओं को पूरी तरह खारिज किया है। ग्रेव्स ने कहा, ‘हम मेजबान देश और शहरों के अधिकारियों के साथ करीब से काम कर रहे हैं और किसी भी खतरे से निपटने के लिए पूरी रणनीति के तहत आगे बढ़ रहे हैं और चीजों को देख रहे हैं। हम सभी साझेदारों को आश्वस्त करना चाहते हैं कि टी20 विश्व कप में शामिल सभी लोगों की सुरक्षा हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। हमारे पास एक व्यापक और मजबूत सुरक्षा योजना है।
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक बारबाडोस की क्षेत्रीय सुरक्षा अधिकारी आईसीसी टी20 विश्व कप के दौरान मिली हमले की चेतावनी के बाद लगातार निगरानी रख रहे हैं। रिपोर्ट के अनुसार यह धमकी प्रो इस्लामिक स्टेट के नाशिर पाकिस्तान मीडिया ग्रुप से मिली है।
टी20 वर्ल्ड कप के मैच वेस्टइंडीज और अमेरिका के 9 शहरों में आयोजित किए जाएंगे। वेस्टइंडीज के 6 शहरों में कुल 41 मुकाबले होंगे। यहीं तीनों नॉकआउट मैच होंगे जबकि अमेरिका के न्यूयॉर्क, फ्लोरिडा और डालास में बाकी 14 मुकाबले होंगे। वेस्टइंडीज के 6 शहर त्रिनिदाद, गयाना, बारबाडोस, एंटीगुआ, सेंट विंसेंट और सेंट लुसिया हैं। 
-Legend News

मिलती जुलती खबरें

Recent Comments

Leave A Comment

Don’t worry ! Your Phone will not be published. Required fields are marked (*).