मथुरा। श्रीकृष्ण-जन्मस्थान सेवा-संस्थान द्वारा श्रीकृष्ण संकीर्तन मंडल के विशेष सहयोग से दिनांक 15 जुलाई 2024 से दिनांक 21 जुलाई 2024 रविवार तक चलने वाले परंपरागत सप्तदिवसीय श्रीगिरिराज पूजा महोत्सव भव्यता एवं दिव्यता के साथ मनाया जा रहा है।

इस संबंध में जानकारी देते हुऐ श्रीकृष्ण-जन्मस्थान सेवा-संस्थान की प्रबंध समिति के सदस्य श्री गोपेश्वरनाथ चतुर्वेदी ने बताया कि सप्तदिवसीय गिरिराज पूजा महोत्सव (गुरू पूर्णिमा महोत्सव) के अन्तर्गत आज तृतीय दिवस (बुधवार)  प्रातः 9 बजे से जन्मस्थान के पवित्र प्रांगण में पूजाचार्यो द्वारा श्रीगिरिराज जी का अभिषेक वेदमंत्रों की ध्वनि के मध्य विशेष सेवा-पूजा के साथ किया गया। 
ठाकुरजी को भोग अर्पित करने के उपरान्त अन्नक्षेत्र में विशाल प्रसादी-भण्डारा प्रारम्भ हुआ। जिसमें दर्शनार्थ पधारे हजारों श्रद्धालुओं ने भाव-विभोर होकर प्रसाद ग्रहण किया। श्रीकृष्ण संकीर्तन मण्डल के सेवाभावी बन्धु बड़े ही सेवा भाव से आने वाले श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरण में सहयोग कर रहे थे।

यह गिरिराज पूजा महोत्सव कार्यक्रम विगत 15 जुलाई से 21 जुलाई तक निरन्तर चलेगा। करोड़ों-करोड़ श्रद्धालुओं की आस्था से जुड़े इस महोत्सव का मुख्य आयोजन (21जुलाई) रविवार को प्रातः 8 बजे श्रीगिरिराज महाराज का वैदिक मंत्रोच्चारण के मध्य अलौकिक महाभिषेक से होगा। महाभिषेक में दूध, दही, बूरा, घृत, केसर, अष्टगन्ध आदि का प्रयोग किया जायेगा।  

महाभिषेक के मध्य मंदिर के पूजाचार्य  वैदिक मंत्रों का पाठ करेंगे।  प्रातः 11 बजे से जन्मस्थान के अन्नक्षेत्र परिसर से वृहद मात्रा में भण्डारे का प्रसाद वितरण श्रद्धालुओं को किया जायेगा।  

श्री केशवदेवजी महाराज, श्रीकृष्ण-जन्मस्थान (गर्भ-गृह), श्रीगिरिराजजी, श्रीअन्नपूर्णेश्वर महादेव मंदिर एवं भागवत-भवन के मंदिरों में ठाकुरजी के दर्शन कर हजारों-हजार श्रद्धालु दिव्य भण्डारे का प्रसाद ग्रहण करेंगे एवं सायं 4 बजे से भव्य पुष्प बंगले से सुसज्जित जन्मस्थान के सभी मंदिरों में ठाकुरजी के छप्पनभोग के मध्य दर्शन होंगे। सांय 7 बजे से जन्मस्थान के लीलामंच पर सुविख्यात भजन गायक श्री हेमन्त ब्रजवासी द्वारा भजनों की प्रस्तुति की जायेगी। 

संस्थान का श्रद्धालुओं से अनुरोध है कि श्रीगिरिराज पूजा महोत्सव में अधिक से अधिक संख्या में पधारकर पुण्य लाभ कमायें।   

श्रीकृष्ण-जन्मस्थान सेवा-संस्थान के मुख्य अधिषाशी श्री राजेश पाण्डेय, उप मुख्य अधिशाषी श्री अनुराग पाठक, श्रीगिर्राज शरण गौतम, श्री नारायण राय, श्रीकृष्ण संकीर्तन मण्डल के श्री अनिलभाई ड्रेसवाले, श्री कन्हैया लाल रंगवाले, श्री प्रदीप अग्रवाल एवं श्री पवन अग्रवाल आदि की उपस्थिति उल्लेखनीय रही।
- Legend News

मिलती जुलती खबरें

Recent Comments

Leave A Comment

Don’t worry ! Your Phone will not be published. Required fields are marked (*).