रिपोर्ट : LegendNews
उत्तर प्रदेश के अगले मुख्य सचिव बनाए गए सीनियर आईएएस शशि प्रकाश गोयल
उत्तर प्रदेश के अगले मुख्य सचिव को लेकर चल रही अटकलों पर अब पूरी तरह से विराम लग गया है। सीनियर आईएएस शशि प्रकाश गोयल को प्रदेश का अगला मुख्य सचिव नियुक्त किया गया है। प्रदेश के मौजूदा मुख्य सचिव मनोज कुमार सिंह का 31 जुलाई यानी आज कार्यकाल पूरा हो गया है। उनके रिटायर होने के बाद अब एसपी गोयल को मुख्य सचिव नियुक्त किया गया है। एसपी गोयल मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के सबसे भरोसेमंद अधिकारी माने जाते हैं। एसपी गोयल जनवरी 2027 में रिटायर होंगे।
लखनऊ से दिल्ली तक है अच्छी पकड़
दरअसल, 1989 बैच के वरिष्ठ आईएएस अफसर शशि प्रकाश गोयल अगले मुख्य सचिव की लिस्ट में सबसे प्रबल दावेदार माने जा रहे थे। इसके पीछे की एक मुख्य वजह उनकी खुद की एक अलग छाप मानी जा रही थी। शशि प्रकाश गोयल (एसपी गोयल) बीते साढ़े 8 साल से पंचम तल (सीएम कार्यालय) में तैनात थे। जिसके कारण उनकी प्रदेश के प्रशासन और जिलों में गहरी पकड़ मानी जाती है। सिर्फ इतना ही नहीं, सीनियर आईएएस होने के नाते एसपी गोयल की पकड़ न सिर्फ यूपी, बल्कि दिल्ली की नौकरशाही और राजनीतिक गलियारों में भी बहुत मजबूत मानी जाती है।
प्रशांत कुमार के बाद अब मनोज कुमार को भी नहीं मिला विस्तार
प्रदेश के मौजूदा मुख्य सचिव मनोज कुमार सिंह को सेवा विस्तार दिलाने के लिए योगी सरकार ने पहल की थी, लेकिन उसके बावजूद मनोज कुमार सिंह को सेवा विस्तार नहीं मिला है, जबकि इससे पहले भी कई मुख्य सचिव को सेवा विस्तार मिल चुका है। मनोज कुमार सिंह को सेवा विस्तार न मिलना केंद्र और यूपी सरकार के बीच समन्वय के अच्छे संकेत नहीं माने जा रहे हैं। हालांकि, यह कोई पहला मौका नहीं है, जब सीएम योगी के बेहद करीबी माने जाने वाले अधिकारी को सेवा विस्तार न मिला हो। इससे पहले यूपी के कार्यवाहक डीजीपी रहे प्रशान्त कुमार को भी सेवा विस्तार नहीं मिला था, जबकि उस वक्त चर्चा जोरों पर थी कि मुख्यमंत्री का करीबी होने के नाते प्रशांत कुमार को 3 महीने का सेवा विस्तार का लाभ मिल सकता है।
शैक्षणिक और प्रशासनिक पृष्ठभूमि
फिलहाल मुख्यमंत्री के अपर मुख्य सचिव रहे एसपी गोयल को प्रदेश का नया मुख्य सचिव नियुक्त कर दिया गया है। एसपी गोयल का पूरा नाम शशि प्रकाश गोयल है। लखनऊ के रहने वाले एसपी गोयल का जन्म 1967 में हुआ था। उन्होंने बीएससी (ऑनर्स), एमसीए, ईएमआईबी (आईआईएफटी) किया है। वो मौजूदा समय में अपर मुख्य सचिव, मुख्यमंत्री, नागरिक उड्डयन, संपदा एवं प्रोटोकॉल विभाग और अपर स्थानिक आयुक्त, उत्तर प्रदेश, लखनऊ के पद पर तैनात हैं। एसपी गोयल ने अपने करियर की शुरुआत इटावा में असिस्टेंट मजिस्ट्रेट के रूप में की थी। इसके बाद अलीगढ़, बहराइच, मेरठ में सीडीओ और मथुरा, इटावा, प्रयागराज, देवरिया में जिलाधिकारी भी रह चुके हैं।
बसपा सरकार में स्टाफ अफसर
सपा सरकार में प्लानिंग विभाग के सचिव और कार्यक्रम क्रियान्वयन विभाग के प्रमुख सचिव रह चुके हैं। केंद्र की मोदी सरकार में मानव संसाधन एवं उच्च शिक्षा मंत्रालय में संयुक्त सचिव भी रह चुके हैं। साल 2017 में योगी आदित्यनाथ के सत्ता में आने के बाद प्रमुख सचिव मुख्यमंत्री बने और तब से सीएम के सबसे भरोसेमंद अधिकारी बने हुए हैं।
-Legend News

Recent Comments