रिपोर्ट : LegendNews
नरेश बाल्यान से जुड़े मकोका मामले में गैंगस्टर कपिल सांगवान के खिलाफ दूसरा NBW
नई दिल्ली। दिल्ली की राऊज एवेन्यू कोर्ट ने मकोका के मामले के आरोपी और आम आदमी पार्टी नेता नरेश बाल्यान से जुड़े फरार आरोपी कपिल सांगवान ऊर्फ नंदू के खिलाफ गैरजमानती वारंट जारी किया. स्पेशल जज विशाल गोगने ने कपिल सांगवान के खिलाफ दूसरा गैर जमानती वारंट जारी करते हुए 9 जुलाई को पेश होने का आदेश दिया है.
दऱअसल, 3 जून को सुनवाई के दौरान कोर्ट ने दिल्ली पुलिस से फरार आरोपी कपिल सांगवान के बारे में पूछा था. तब जांच अधिकारी ने कहा था कि उसका अब तक कोई सुराग नहीं है. कोर्ट ने इस बात पर गौर किया कि दिल्ली पुलिस की चार्जशीट में कपिल सांगवान के खिलाफ भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 356 के तहत उसकी अनुपस्थिति में ही ट्रायल शुरू करने की मांग की गई है.
कोर्ट ने कहा था कि धारा 356 (1) के तहत अनुपस्थिति में ट्रायल शुरू करने से पहले लगातार दो वारंट जारी करना जरूरी है. इसके साथ ही दोनों वारंट के बीच 30 दिन का अंतराल होना चाहिए. उसके बाद कोर्ट ने सांगवान के खिलाफ वारंट जारी करते हुए आज कोर्ट में पेश होने का आदेश दिया था. इस मामले में दिल्ली पुलिस ने 17 अप्रैल को छठी पूरक चार्जशीट दाखिल किया था.
कोर्ट ने 24 जनवरी को मनोज यादव के खिलाफ दिल्ली पुलिस की पांचवी पूरक चार्जशीट पर संज्ञान लिया था. कोर्ट ने मनोज यादव ऊर्फ कैरा के खिलाफ मकोका की धारा 3 और 4 के आरोपों के तहत चार्जशीट पर संज्ञान लिया था. चार्जशीट में मनोज यादव को संगठित अपराध गिरोह का सदस्य बताया गया है. ये गिरोह कपिल सांगवान ऊर्फ नंदू संचालित करता है. कपिल सांगवान ऊर्फ नंदू फिलहाल फरार है. दिल्ली पुलिस की जांच में मनोज यादव के खिलाफ आपराधिक गतिविधियों के कई एफआईआर दर्ज होने का पता चला.
दिल्ली पुलिस के मुताबिक नरेश बाल्यान और गैंगस्टर के बीच बातचीत का मामला 2023 का है. इसे लेकर 2023 में एफआईआर दर्ज कराई गई थी. कपिल सांगवान एक कुख्यात गैंगस्टर है, जो फिलहाल ब्रिटेन में रह रहा है. कपिल सांगवान पिछले पांच वर्षों से ब्रिटेन में ही रह रहा है. कपिल सांगवान और नरेश बाल्यान दोनों दिल्ली के नजफगढ़ के रहने वाले हैं. कपिल सांगवान हरियाणा के नफे सिंह हत्याकांड का भी मास्टरमाइंड है. कपिल सांगवान बल्लू पहलवान और बीजेपी नेता सुरेंद्र मटियाला की हत्या का भी मास्टरमाइंड माना जाता है. नरेश बाल्यान ने 2015 और 2019 में उत्तम नगर विधानसभा सीट का प्रतिनिधित्व किया था.- Legend News

Recent Comments