संसद का मानसून सत्र जारी है। इस दौरान कई बार सत्ता पक्ष और विपक्ष में टकराव की स्थिति बन चुकी है। अब बीजेपी ने विपक्ष पर सदन की कार्यवाही प्रभावित करने का आरोप लगाया है और कांग्रेस को आड़े हाथों लिया है। बीजेपी प्रवक्ता संबित पात्रा ने कहा, विपक्ष के हंगामे के कारण सदन की कार्यवाही सुचारु रूप से चल नहीं पा रही है। जिसके कारण बिना चर्चा के ही बिल पास हो रहे हैं। उन्होंने झारखंड में हो रहे छात्र आंदोलन पर भी कांग्रेस पर दोहरी नीति का आरोप लगाया।
मंगलवार को संबित पात्रा ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर कहा, 'संसद के एक मानसून सत्र में करोड़ों रुपये खर्च होते हैं। सभी सांसद प्रश्न लेकर आते हैं, वो चाहते हैं कि प्रश्न पूछा जाए, मंत्रालय जवाब दे, उनका क्षेत्र उन्नति करके आगे बढ़े। मगर जब से सदन आरंभ हुआ है, प्रश्नकाल पार्लियामेंट में हो नहीं रहा है, जीरो आवर के लिए पार्लियामेंट में विपक्ष बाधाएं उत्पन्न कर रहा है, लगभग किसी बिल पर चर्चा नहीं हो रही है। 
पात्रा ने इंडिया गठबंधन पर निशाना साधते हुए कहा, 'इसके पीछे का कारण कांग्रेस और कांग्रेस उसके कुछ इंडिया अलायन्स के कुछ सहयोगी दल हैं।'
प्रियांक खरगे के बयान पर घमासान
संबित पात्रा ने मल्लिकार्जुन खरगे के बेटे प्रियांक खरगे के उस कथित बयान का भी कॉन्फ्रेंस जिक्र किया, जिसमें उन्होंने कहा था, 'पहले छात्रों को 24 दिन उपवास करने दो, फिर हम लाठीचार्ज करेंगे, और फिर उसके बाद इस्तीफे के विषय में चिंता करूंगा।' पात्रा ने कहा, ये कांग्रेस का डबल स्टैंडर्ड है। उन्होंने कहा, इस बयान पर अब तक राहुल गांधी की चुप्पी है, मैं दावे के साथ कहना चाहूंगा की आज भी राहुल गांधी सदन की कार्यवाही को चलने नहीं देंगे। 
बीजेपी नेता ने झारखंड में जारी छात्रों के आंदोलन पर कहा, इस मुद्दे पर कांग्रेस चुप्पी साधे हुए है। संसद परिसर में झारखंड पेपर मामले पर कोई भी कांग्रेसी सांसद तख्ती लिए हुए नहीं दिखाई दे रहा है।
'बिना चर्चा के पास हो रहे बिल'
संबित पात्रा ने आगे कहा, 'आपको आश्चर्य होगा मैं कुछ बिल्स का नाम लूंगा, जो बिल पास हो गए हैं। लोकसभा से पारित हो गए हैं, मगर उनपर एक मिनट भी चर्चा नहीं हो पाई है। उन्होंने कहा, इन बिलों का पास होना अनिवार्य था क्योंकि जनता का कार्य है। पात्रा ने आगे कहा, इन बिलों पर चर्चा नहीं हुई इसलिए जनता अनभिज्ञ है कि इन बिलों में क्या है, इस कानून में क्या प्रावधान है, जनता को कैसे लाभान्वित किया जाएगा। 
साधुओं का अपमान करना दुर्भाग्यपूर्ण
बीजेपी प्रवक्ता ने आगे कहा, संसद परिसर में साधु-संतों का अपमान करना, साधु के वेश में आना, साधु को चोर दिखाना, सावन के महीने में जब हजारों-लाखों लोग कांवड़ यात्रा में निकले हुए हैं, वैसे में आप साधुओं को चोर के रूप में दिखाना दुर्भाग्यपूर्ण है।
उन्होंने कहा,' एक साधु को घसीटना, साधु को मारने की कोशिश करना, गांव-गांव तक क्या खबर पहुंचाती है? कहीं न कहीं यह अंतर्मन के अंदर गांव में यह खबर पहुंचाती है कि सारे साधु चोर हैं। जो ऐसे कपड़े पहनते हैं, वह चोर हैं। जो चंदन और टीका लगाते हैं, जो त्रिपुंड लगाते हैं, वह चोर हैं। चोरों को पकड़ो और उन्हें पीटो।' 
रण अभी शेष है...
संबित पात्रा ने कहा, आपने हिंदू धर्म का जो अपमान किया पार्लियामेंट के प्रांगण में किया, यह अक्षम्य है। समय बताएगा, रण अभी शेष है। समय बताएगा कि इसका नतीजा क्या होगा।' 
-Legend News

मिलती जुलती खबरें

Recent Comments

Leave A Comment

Don’t worry ! Your Phone will not be published. Required fields are marked (*).