रिपोर्ट : LegendNews
फिल्म 'काला हिरण: द बैटल फॉर लेगेसी' के निर्माता को सलमान ने भेजा लीगल नोटिस
बॉलीवुड अभिनेता सलमान खान एक बार फिर अपने पुराने ब्लैकबक शिकार मामले को लेकर चर्चा में हैं। दरअसल, उनके इस चर्चित केस पर आधारित बताई जा रही फिल्म 'काला हिरण: द बैटल फॉर लेगेसी' को लेकर नया विवाद खड़ा हो गया है। फिल्म की घोषणा के बाद सलमान खान की टीम ने इसके मेकर्स को कानूनी नोटिस भेजा है।
क्या है पूरा मामला?
'काला हिरण' फिल्म अमित जानी ने बनाई हैं, जबकि इसका निर्देशन भारत एस. श्रीनाटे ने किया है। हाल ही में फिल्म का पोस्टर जारी किया गया था, जिसमें मुख्य किरदार का लुक काफी हद तक सलमान खान से मिलता-जुलता नजर आया। इसके बाद फिल्म को लेकर चर्चा तेज हो गई।
फिल्म के मेकर्स का दावा है कि इसमें 1998 के ब्लैकबक शिकार मामले, उसके बाद चले कोर्ट केस और सलमान खान से जुड़े विवादों को दिखाया जाएगा।
सलमान की तरफ से भेजा गया नोटिस
जानकारी के मुताबिक सलमान खान की ओर से लॉ फर्म डीएसके लीगल ने फिल्म से जुड़े लोगों को कानूनी नोटिस भेजा है। नोटिस में फिल्म के निर्माण, प्रचार और रिलीज से जुड़ी गतिविधियों को तुरंत रोकने की मांग की गई है।
साथ ही निर्माताओं से बिना शर्त लिखित माफी मांगने को भी कहा गया है। सलमान की टीम का कहना है कि यह फिल्म उनकी छवि को नुकसान पहुंचा सकती है और इससे उनके व्यक्तित्व अधिकारों का उल्लंघन हो सकता है।
मेकर्स ने क्या कहा?
निर्माता अमित जानी ने सोशल मीडिया पर नोटिस की जानकारी साझा करते हुए दावा किया कि फिल्म से जुड़े लोगों को कानूनी नोटिस भेजे जा रहे हैं। उन्होंने पहले ही सार्वजनिक रूप से कहा था कि फिल्म 1998 के काला हिरण शिकार मामले पर आधारित है।
क्या है ब्लैकबक शिकार केस?
यह मामला साल 1998 का है, जब फिल्म 'हम साथ-साथ हैं' की शूटिंग के दौरान सलमान खान पर राजस्थान के जोधपुर के पास दो काले हिरणों के शिकार का आरोप लगा था। इस मामले में सलमान खान के अलावा सैफ अली खान, तब्बू, सोनाली बेंद्रे और नीलम का नाम भी सामने आया था।
-Legend News

Recent Comments