भारत और श्रीलंका के बीच 15 अगस्त से दो मैचों की टेस्ट सीरीज खेली जाएगी। इससे पहले भारत को एक और बड़ा झटका लगा है। बाएं हाथ के बल्लेबाज साई सुदर्शन इस दौरे से बाहर हो गए हैं। उनके पैर में चोट लगी थी और वह इससे उबर नहीं सके। दौरे के लिए भारत की 15 सदस्यीय टीम में उन्हें शामिल किया गया था। हालांकि, उनकी भागीदारी फिटनेस पर आधारित थी। पर वह समय से फिट नहीं हो सके। 
सीरीज से बाहर होने वाले दूसरे खिलाड़ी
वह श्रीलंका के खिलाफ टेस्ट सीरीज से बाहर होने वाले दूसरे खिलाड़ी हैं। इससे पहले जसप्रीत बुमराह भी चोट की वजह से सीरीज से बाहर हुए थे। उनकी जगह आकिब नबी को शामिल किया गया था। हालांकि बीसीसीआई ने अभी तक सुदर्शन के रिप्लेसमेंट का एलान नहीं किया है। सुदर्शन और बुमराह, दोनों का चयन फिटनेस के अधीन था और दोनों ही बाहर हो गए हैं। 
पडिक्कल नंबर-3 पर बल्लेबाजी कर सकते हैं
सुदर्शन अगर फिट होते तो उनका तीसरे नंबर पर खेलना तय माना जा रहा था। हालांकि, अब टीम मैनेजमेंट को किसी और को मौका देना होगा। फिलहाल भारतीय टीम श्रीलंका इलेवन के खिलाफ प्रैक्टिस मैच खेल रही है। इस मैच में देवदत्त पडिक्कल ने तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी की और शानदार शतक जड़ा। ऐसे में उनका अब नंबर तीन पर खेलना तय माना जा रहा है। 
पडिक्कल ने श्रीलंका-11 के खिलाफ जड़ा शतक
पडिक्कल ने श्रीलंका इलेवन के खिलाफ 121 गेंद में 103 रन बनाए और रिटायर्ड आउट हुए। भारत के लिए हालांकि, चिंताएं कम नहीं हुई हैं। कप्तान शुभमन गिल भी चोटिल हैं और वह वार्म अप मैच में बल्लेबाजी करने नहीं उतरे। शुक्रवार को बीसीसीआई ने अपडेट दिया था कि वह फील्डिंग करने नहीं उतरेंगे, लेकिन बल्लेबाजी को लेकर कोई जानकारी नहीं दी थी। ऐसे में उनका बल्लेबाजी के लिए नहीं उतरने से मुश्किलें बढ़ गई हैं। 
गॉल में खेला जाएगा पहला टेस्ट
भारत और श्रीलंका के बीच पहला टेस्ट गॉल में खेला जाएगा। गॉल में दोनों टीमें टेस्ट में पांच बार आमने-सामने आई हैं। इसमें से सभी पांच मैचों के जीत या हार में नतीजे निकले हैं, यानी कोई टेस्ट ड्रॉ नहीं हुआ। भारत और श्रीलंका के बीच यहां पांच टेस्ट खेले गए और भारत ने दो मैच जीते हैं और तीन गंवाए हैं। भारतीय टीम गॉल में श्रीलंका से पिछली बार जुलाई 2017 में भिड़ी थी। तब टीम इंडिया ने 304 रन से जीत हासिल की थी।
श्रीलंका टेस्ट सीरीज के लिए भारतीय टीम का स्क्वॉड: शुभमन गिल (कप्तान), केएल राहुल (उपकप्तान), यशस्वी जायसवाल, ऋषभ पंत (विकेटकीपर), ध्रुव जुरेल (विकेटकीपर), रवींद्र जडेजा, कुलदीप यादव, मानव सुथार, मोहम्मद सिराज, प्रसिद्ध कृष्णा, गुरनूर बराड़, देवदत्त पडिक्कल, सारांश जैन और आकिब नबी। 
-Legend News

मिलती जुलती खबरें

Recent Comments

Leave A Comment

Don’t worry ! Your Phone will not be published. Required fields are marked (*).