रूस के राष्ट्रपति व्लादिमिर पुतिन अपने दो दिन के भारत दौरे पर नई दिल्ली पहुंचे। रूसी राष्ट्रपति का विमान शाम बजे पालम एयरपोर्ट पर उतरा। पुतिन की अगुवानी के लिए पीएम मोदी एयरपोर्ट पर पहुंचे थे। विमान से उतरने के बाद दोनों नेता चिरपरिचित अंदाज में मिले। पुतिन ने पहले पीएम मोदी से हाथ मिलाया। इसके बाद पीएम मोदी और पुतिन एक दूसरे से गले मिले। एयरपोर्ट पर पुतिन के स्वागत में एक संक्षिप्त सांस्कृतिक कार्यक्रम हुआ। इसके बाद दोनों नेता एक ही कार में पीएम हाउस के लिए रवाना हो गए। 
पीएम मोदी के साथ करेंगे डिनर 
एयरपोर्ट से निकलने के बाद पुतिन डिनर के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के घर जाएंगे। दोनों नेताओं के बीच आमने-सामने की बातचीत लगभग 8.30 तक जारी रहने की उम्मीद है। मीटिंग के बाद, रूसी नेता रात के लिए अपने होटल लौट जाएंगे। पुतिन का शुक्रवार को औपचारिक स्वागत किया जाएगा। इसके बाद 23वीं भारत-रूस शिखर वार्ता होगी। प्रधानमंत्री मोदी हैदराबाद हाउस में पुतिन और उनके प्रतिनिधिमंडल के लिए दोपहर के भोज की भी मेजबानी करेंगे। 
सुबह राजघाट जाएंगे पुतिन 
अधिकारियों ने बताया कि पुतिन सुबह राजघाट भी जाएंगे। शिखर वार्ता के बाद पुतिन रूस के सरकारी प्रसारक के भारत चैनल की शुरुआत करेंगे, जिसके पश्चात राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू उनके सम्मान में राजकीय भोज की मेजबानी करेंगी। लगभग 28 घंटे की यात्रा के बाद पुतिन शुक्रवार रात करीब साढ़े नौ बजे भारत से प्रस्थान करेंगे। 
पुतिन के दौरे पर दुनिया की निगाहें
पुतिन की यात्रा ऐसे वक्त हो रही है जब भारत और अमेरिका के बीच संबंध तनावपूर्ण हैं। उनकी यात्रा का मकसद समग्र द्विपक्षीय रणनीतिक और आर्थिक साझेदारी को विस्तार देना है। मोदी और पुतिन के बीच शुक्रवार को होने वाली शिखर वार्ता में रक्षा सहयोग बढ़ाने, द्विपक्षीय व्यापार को बाहरी दबावों से सुरक्षित रखने और छोटे ‘मॉड्यूलर रिएक्टर’ के क्षेत्र में संभावित सहयोग पर विशेष ध्यान दिए जाने की संभावना है।
माना जा रहा है इस वार्ता पर पश्चिमी देशों की पैनी निगाह रहेगी। भारत और रूस के बीच 23वीं शिखर वार्ता के बाद दोनों पक्ष व्यापार समेत कई क्षेत्रों में समझौते कर सकते हैं। 
-Legend news

मिलती जुलती खबरें

Recent Comments

Leave A Comment

Don’t worry ! Your Phone will not be published. Required fields are marked (*).