रिपोर्ट : LegendNews
RSS ने कांग्रेस अध्यक्ष खरगे के खिलाफ अलग-अलग थानों में दर्ज कराई शिकायत
असम में सियासी बयानबाजी ने नया मोड़ ले लिया है। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) ने कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के खिलाफ दो अलग-अलग पुलिस थानों में शिकायत दर्ज कराई है। संगठन ने आरोप लगाया है कि खरगे ने एक चुनावी रैली के दौरान बेहद आपत्तिजनक और भड़काऊ टिप्पणी की जिससे सामाजिक सौहार्द बिगड़ सकता है।
RSS का आरोप है कि खरगे ने अपने संबोधन में बीजेपी और RSS की विचारधारा की तुलना 'जहरीले सांप' से की। यह बयान कथित तौर पर असम के श्रीभूमि जिले के करीमगंज दक्षिण विधानसभा क्षेत्र के नीलामबाजार में आयोजित एक रैली के दौरान दिया गया।
शिकायत में खरगे के उस बयान का हवाला दिया गया है, जिसमें उन्होंने कहा कि अगर नमाज के दौरान सामने कोई जहरीला सांप आ जाए तो पहले उसे मारना चाहिए और फिर नमाज पढ़नी चाहिए। इसी संदर्भ में उन्होंने RSS और BJP को उसी 'जहरीले सांप' जैसा बताया। इस टिप्पणी को लेकर विवाद गहराता जा रहा है।
RSS ने इन बयानों को अपमानजनक, भड़काऊ और साम्प्रदायिक रूप से संवेदनशील बताते हुए कड़ी आपत्ति जताई है। संगठन का कहना है कि इस तरह की भाषा न केवल उनके कार्यकर्ताओं को निशाना बनाती है, बल्कि समाज में डर, दुश्मनी और हिंसा का माहौल भी पैदा कर सकती है।
अपनी शिकायत में RSS ने यह भी आरोप लगाया कि खड़गे का बयान जनप्रतिनिधित्व अधिनियम 1951 की धारा 83 के तहत 'भ्रष्ट चुनावी आचरण' की श्रेणी में आता है। साथ ही इसे विभिन्न समुदायों के बीच वैमनस्य फैलाने और सार्वजनिक शांति को प्रभावित करने वाला बताया गया है।
असम की सियासत में बढ़ा तनाव
RSS के उत्तर असम के सचिव खगेन सैकिया ने दिसपुर थाने में और दक्षिण असम के सचिव ज्योत्स्नामोय चक्रवर्ती ने सिलचर थाने में शिकायत दर्ज कराई है। वहीं BJP ने भी इस मामले को गंभीरता से लेते हुए चुनाव आयोग तक शिकायत पहुंचाई है, जिससे असम की सियासत में इस बयान को लेकर तनाव और बढ़ गया है।
-Legend News

Recent Comments