रिपोर्ट : LegendNews
मैच खत्म होते ही रो पड़े रोनाल्डो, इसके साथ ही उनका वर्ल्ड कप का सफर भी खत्म
फुटबॉल के महान खिलाड़ियों में गिने जाने वाले क्रिस्टियानो रोनाल्डो का शानदार करियर वर्ल्ड कप ट्रॉफी जीते बिना ही ख़त्म हो गया.
उनका आख़िरी वर्ल्ड कप मैच पुर्तगाल के लिए 1-0 की हार के साथ ख़त्म हुआ. स्पेन की टीम ने पुर्तगाल को 1-0 से हराकर रोनाल्डो का सपना तोड़ दिया.
डलास में खेले गए इस मुक़ाबले में स्पेन के मिकेल मेरिनो ने इंजरी टाइम में विजयी गोल दागा.
मैच खत्म होने के बाद 41 वर्षीय रोनाल्डो रो पड़े और इसके साथ ही उनका वर्ल्ड कप का सफर भी खत्म हो गया.
रोनाल्डो फुटबॉल के किसी एक खिलाड़ी को दिया जाने वाला बेहद प्रतिष्ठित पुरस्कार बेलन डी'ओर पांच बार जीत चुके हैं.
पांच बार यूईएफ़ए चैंपियन लीग के चैंपियन और यूईएफ़ए यूरो 2016 के विजेता रोनाल्डो ने क्लब और देश के लिए रिकॉर्ड 976 गोल किए हैं.
उन्होंने रिकॉर्ड छह वर्ल्ड कप में गोल दागे हैं. हालांकि, वर्ल्ड कप में जीतने के सबसे करीब वह 2006 में पहुंचे थे, जब पुर्तगाल सेमीफ़ाइनल तक पहुंचा था.
रोनाल्डो पहले ही एलान कर चुके थे कि यह उनका आख़िरी वर्ल्ड कप होगा. हालांकि मैच के बाद नेशनल टीम से संन्यास के सवाल पर उन्होंने कहा, "मैं अपने परिवार से मिलूंगा और शांत दिमाग से फैसला करूंगा."
यह बहस जारी रहेगी कि क्या हर मैच में रोनाल्डो को शुरुआती इलेवन में उतारने के दबाव के बिना पुर्तगाल की टीम वर्ल्ड कप जीतने की बेहतर दावेदार हो सकती थी.
इस बारे में, क्रिस सटन की राय बिल्कुल साफ़ थी. उन्होंने बीबीसी स्पोर्ट पर कमेंट्री करते हुए कहा, वह मैदान पर सुस्त और बोझिल अंदाज़ में घूम रहे थे, इसलिए पुर्तगाल बाहर हो गया.
उन्होंने आगे कहा, क्रिस्टियानो रोनाल्डो ने कुछ नहीं किया. उन्होंने मैच में कोई असर नहीं छोड़ा.
रॉबर्टो मार्टिनेज़ (पुर्तगाली कोच) क्या कर रहे थे? किसी एक खिलाड़ी को इतनी अहमियत कैसे दी जा सकती है?
पुर्तगाल की हार के लिए रॉबर्टो मार्टिनेज़ जिम्मेदार हैं.
मैच के बाद पुर्तगाल के मुख्य कोच रॉबर्टो मार्टिनेज़ ने अपने पद से इस्तीफा देने की घोषणा की और रोनाल्डो की जमकर तारीफ़ की.
उन्होंने कहा, हमें इस वर्ल्ड कप में उनकी कोशिशों के लिए उनका शुक्रिया अदा करना चाहिए.
मार्टिनेज़ ने कहा, उनका सपना वर्ल्ड कप जीतना था और उन्होंने उसे पूरा करने के लिए बेहतरीन उदाहरण पेश किया.
उन्होंने आगे कहा, वह फुटबॉल के प्रतीक हैं और इस महान खिलाड़ी के पीछे मौजूद इंसानियत का भी शानदार उदाहरण हैं.
-Legend News

Recent Comments