रिपोर्ट : LegendNews
ट्रांसपोर्ट नगर में 3 करोड़ की सड़क हुई गायब, शिकायतों के बाद भी प्रशासन ने नहीं लिया संज्ञान
मथुरा। बृज यातायात एवं पर्यावरण जनजागरूकता समिति रजि उत्तर प्रदेश के संस्थापक अध्यक्ष विनोद दीक्षित ने तीन करोड़ की लागत की सड़क घोटाला की शिकायत को लेकर अब मथुरा वृन्दावन विकास प्राधिकरण की उपाध्यक्ष के पत्र लिखा है।
मथुरा स्थित ट्रांसपोर्ट नगर का मुख्य मार्ग विगत कई वर्षों से अत्यंत जर्जर अवस्था में पड़ा हुआ है, जिसके कारण आम जनता, वाहन चालकों एवं व्यापारियों को आवागमन में भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
उक्त समस्या के संबंध में पूर्व में सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X (ट्विटर) पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को शिकायत दर्ज कराई थी, जिसके उपरांत स्थानीय मीडिया द्वारा भी इस विषय को प्रमुखता से प्रकाशित किया गया। इसके पश्चात आपके विभाग द्वारा वहां एक शिलान्यास पट्टिका स्थापित कर दी गई ।
उक्त शिलान्यास पट्टिका पर मथुरा जनपद के माननीय सांसद, विधायक एवं एमएलसी के नाम अंकित हैं तथा उसमें ₹300 लाख (3 करोड़ रुपये) की लागत से दिनांक 16/08/2025 को सड़क निर्माण दर्शाया गया है।
इसके अतिरिक्त नगर निगम मथुरा द्वारा उक्त क्षेत्र में जगह-जगह कूड़े के ढेर लगाए गए हैं तथा समय-समय पर मरे हुए पशु भी वहां फेंके जाते हैं, जिससे पूरे क्षेत्र में दुर्गंध एवं अस्वच्छता का वातावरण बना हुआ है, जो जनस्वास्थ्य के लिए अत्यंत हानिकारक है। किन्तु वास्तविक स्थिति यह है कि उक्त सड़क आज भी जर्जर अवस्था में है। न तो वहां कोई निर्माण कार्य किया गया है और न ही किसी प्रकार का मरम्मत अथवा पैचवर्क किया गया है। इससे यह स्पष्ट प्रतीत होता है कि उक्त कार्य में गंभीर वित्तीय अनियमितता एवं घोटाले की आशंका है।
अतः उक्त प्रकरण की उच्च स्तरीय जांच कराई जाए । यदि किसी प्रकार का घोटाला पाया जाए तो दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उक्त सड़क का शीघ्र एवं गुणवत्तापूर्ण निर्माण कराया जाए।
क्षेत्र में स्वच्छता व्यवस्था को सुधारते हुए कूड़ा एवं मृत पशुओं के निस्तारण की उचित व्यवस्था कराई जाए, जिससे आम जनता को राहत मिल सके।
- Legend News

Recent Comments