रिज़र्व बैंक ऑफ़ इंडिया (आरबीआई) ने उन मीडिया रिपोर्ट्स को ख़ारिज कर दिया है, जिनमें दावा किया जा रहा था कि केंद्रीय बैंक ने अपना सोना बेचा है.
आरबीआई ने अपने बयान में साफ़ किया कि उसके पास मौजूद सोने के भंडार में कोई कमी नहीं आई है और यह सुरक्षित है.
आरबीआई ने प्रेस रिलीज़ जारी करते हुए बताया कि सोने का फ़िज़िकल स्टॉक हर महीने की बुलेटिन में दिया जाता है. ताज़ा बुलेटिन आरबीआई की वेबसाइट पर उपलब्ध है.
आरबीआई ने कहा, इसमें साफ़ लिखा है कि सोने का फ़िज़िकल स्टॉक अभी भी 880.52 टन है और इसमें कोई बदलाव नहीं हुआ है.
गौरतलब है कि एक मीडिया आउटलेट ने रिपोर्ट में दावा किया था आरबीआई ने संभवतः क़रीब 12 अरब डॉलर का सोना बेच दिया है. 
अफवाह कहां से और कैसे शुरू हुई?
दरअसल, हाल ही में ब्लूमबर्ग की एक रिपोर्ट आई थी. ब्लूमबर्ग इकोनॉमिक्स के अनुमानों के हवाले से इस रिपोर्ट में दावा किया गया था कि 22 मई को खत्म हुए दो हफ्तों के दौरान भारत के विदेशी मुद्रा भंडार में गिरावट आई है. रिपोर्ट में अंदाजा लगाया गया कि इस गिरावट के बीच आरबीआई ने शायद करीब 12 अरब डॉलर (लगभग $12 Billion) का सोना बेच दिया है. देखते ही देखते यह खबर मीडिया और सोशल मीडिया के कुछ हिस्सों में फैल गई, जिससे लोगों के बीच भ्रम की स्थिति पैदा हो गई. 
आरबीआई के पास इस वक्त कितना सोना है?
बिल्कुल सुरक्षित है स्टॉक: आरबीआई ने एक प्रेस रिलीज जारी कर साफ कहा कि सोना बेचने की खबरें पूरी तरह गलत और बेबुनियाद हैं.
फिजिकल गोल्ड की मात्रा: केंद्रीय बैंक के पास कुल 880.52 मीट्रिक टन फिजिकल सोना मौजूद है और इसमें एक ग्राम की भी कमी नहीं हुई है.
अप्रैल से नहीं बदला आंकड़ा: आधिकारिक आंकड़ों के मुताबिक, 3 अप्रैल 2026 को खत्म हुए हफ्ते से लेकर अब तक भारत का स्वर्ण भंडार इसी स्तर (880.52 टन) पर बना हुआ है. मार्च के आखिरी दिनों में यह 880.34 टन था, जो अप्रैल की शुरुआत में थोड़ा बढ़कर 880.52 टन हुआ और तब से बिल्कुल स्थिर है. 
आम जनता को केंद्रीय बैंक ने क्या सलाह दी है?
आरबीआई ने लोगों से अपील की है कि वे ऐसी भ्रामक और अनऑफिशियल खबरों पर बिल्कुल भरोसा न करें. केंद्रीय बैंक अपने सोने के भंडार से जुड़ी हर छोटी-बड़ी जानकारी हर महीने आने वाले ‘मंथली बुलेटिन’ और अपनी आधिकारिक वेबसाइट पर नियमित रूप से जारी करता है. किसी भी जानकारी को सच मानने से पहले सरकारी और आधिकारिक डेटा को ही चेक करना चाहिए. बता दें कि 24 अप्रैल 2026 के आंकड़ों के अनुसार, भारत का कुल विदेशी मुद्रा भंडार 698.49 अरब डॉलर था, जिसमें से अकेले सोने का हिस्सा 120.24 अरब डॉलर का है. 
-Legend News

मिलती जुलती खबरें

Recent Comments

Leave A Comment

Don’t worry ! Your Phone will not be published. Required fields are marked (*).