रिपोर्ट : LegendNews
रिपोर्ट: विदेशों में हथियार सप्लाई कर लाभ कमा रही हैं भारत की भी कई कंपनियां
दुनिया के हथियारों के बाजार पर कुछ चुनिंदा शक्तिशाली देशों और उनकी बड़ी कंपनियों का नियंत्रण है। स्टॉकहोम इंटरनेशनल पीस रिसर्च इंस्टीट्यूट (SIPRI) और हालिया रक्षा रिपोर्टों के अनुसार दुनिया की 100 सबसे बड़ी रक्षा कंपनियों की कुल सालाना कमाई 632 अरब डॉलर (लगभग ₹52 लाख करोड़) के पार पहुंच चुकी है। इनमें भारत की भी कई कंपनियां शामिल हैं, जो विदेशों में हथियार सप्लाई कर लाभ कमा रही हैं। भारत ने हाल में ही मध्य एशिया के दो देशों ताजिकिस्तान और तुर्कमेनिस्तान को आकाश मिसाइल सिस्टम बेचने की डील साइन की है। भारतीय रक्षा सचिव राजेश कुमार सिंह ने इस डील की पुष्टि भी की है।
आकाश मिसाइल सिस्टम के बारे में जानें
आकाश मिसाइल सिस्टम भारत का स्वदेशीस्वदेशी सतह से हवा में मार करने वाला (SAM) मध्यम दूरी का एयर डिफेंस सिस्टम है। आकाश सिस्टम को डीआरडीओ (DRDO) ने विकसित किया है। वहीं, भारत डायनेमिक्स लिमिटेड (BDL) तथा भारत इलेक्ट्रॉनिक्स लिमिटेड (BEL) इसका निर्माण करके हैं। आकाश मिसाइल सिस्टम की ऑपरेशनल रेंज 4.5 किलोमीटर से 25 किलोमीटर है। यह 100 मीटर से 20 किलोमीटर की ऊंचाई तक लक्ष्य को भेदने में सक्षम है। आकाश मिसाइल सिस्टम की प्रत्येक मिसाइल का वजन लगभग 710 किलोग्राम और लंबाई 5.87 मीटर है। यह मिसाइल लगभग 2.5 मैक की गति से उड़ती है। यह एक साथ कई हवाई खतरों (जैसे फाइटर जेट, क्रूज मिसाइल, ड्रोन और हेलीकॉप्टर) को निशाना बना सकती है।
ताजिकिस्तान-तुर्कमेनिस्तान संग आकाश मिसाइल सौदा
भारत ने ताजिकिस्तान और तुर्कमेनिस्तान के साथ आकाश मिसाइल सिस्टम की जो डील की है, उसमें राजेंद्र रडार नेटवर्क और लॉजिस्टिकल रखरखाव पैकेज भी शामिल है। हालांकि बैटरी की सटीक मात्रा और अनुबंध मूल्य का खुलासा नहीं किया गया है, लेकिन ये समझौते भारत के 2022 में इसके पहले ग्राहक आर्मेनिया के साथ हुए समझौते पर आधारित हैं। इस डील को चीन और रूस के लिए बड़ा झटका माना जा रहा है, क्योंकि ताजिकिस्तान और तुर्कमेनिस्तान बड़े पैमाने पर सोवियत और रूसी उपकरणों का इस्तेमाल करते हैं और चीन इनका सबसे बड़ा हथियार निर्यातक देश है। इसके बावजूद इन दोनों देशों ने अपनी सशस्त्र सेनाओं में विविधता लाने के लिए भारत को एक किफायती और भरोसेमंद विकल्प के रूप में चुना है।
मध्य एशिया में भारत की मजबूत उपस्थिति
ताजिकिस्तान और तुर्कमेनिस्तान के साथ आकाश मिसाइल सिस्टम की डील को मध्य एशियाई हथियार बाजार में भारत के बढ़ते कदम के रूप में देखा जा रहा है। भारत का रक्षा निर्यात तेजी से बढ़ रहा है।वित्त वर्ष 2025-26 में भारत का रक्षा निर्यात रिकॉर्ड 38,424 करोड़ रुपये (लगभग 4.5 अरब डॉलर) के पार पहुंच गया है। पिछले वित्त वर्ष की तुलना में इसमें 61% से अधिक की भारी वृद्धि दर्ज की गई है। भारत वर्तमान में दुनिया के 80 से अधिक देशों को हथियार और सैन्य उपकरण बेच रहा है। ऐसे में ताजिकिस्तान और तुर्कमेनिस्तान को भारतीय हथियारों के नए ग्राहक के रूप में देखा जा रहा है।
आकाश मिसाइल की बिक्री अहम क्यों है?
भारत द्वारा ताजिकिस्तान और तुर्कमेनिस्तान को आकाश मिसाइल का निर्यात चीन द्वारा उज्बेकिस्तान को जे-10सीई लड़ाकू विमानों के निर्यात के तुरंत बाद हुआ है। इनका पड़ोसी देश उज्बेकिस्तान ने हाल में ही चीन निर्मित J-10CE लड़ाकू विमानों का प्रदर्शन किया है। एक आधिकारिक फुटेज में ताशकंद में छह जे-10सीई लड़ाकू विमानों को उड़ते हुए देखा गया था। ऐसे में उसी क्षेत्र में भारत के आकाश मिसाइल सिस्टम की तैनाती को अहम माना जा रहा है, जो दुश्मन के लड़ाकू विमानों को मार गिराने में सक्षम है।
-Legend News

Recent Comments