रिपोर्ट : LegendNews
रैपर और सिंगर बादशाह अपने नए गाने 'टटीरी' के कारण विवादों में, FIR दर्ज
मशहूर रैपर और सिंगर बादशाह अपने नए गाने 'टटीरी' के कारण विवादों में हैं और अब उनके खिलाफ पंचकूला और जिंद में FIR दर्ज की गई। हरियाणा पुलिस ने रैपर के खिलाफ सख्त कार्रवाई की है, और उनके खिलाफ लुकआउट सर्कुलर (LOC) जारी करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। बादशाह को गिरफ्तार करने के लिए पुलिस टीमें लगातार दबिश दे रही हैं। उधर, 'टटीरी' गाने को यूट्यूब से हटा दिया गया है। बाकी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म से भी इसे हटवाने की तैयारी चल रही है। जो भी लोग 'टटीरी' गाने या इससे जुड़ी आपत्तिजनक सामग्री को शेयर करेंगे, उनके खिलाफ भी पुलिस की तरफ से सख्त कानूनी कार्रवाई की बात कही गई है।
13 मार्च को महिला आयोग के सामने पेशी
बादशाह का विवादित गाना 'टटीरी' एक मार्च को रिलीज किया गया था और तभी इस पर बवाल मच गया था। गाने की लिरिक्स के खिलाफ कई सामाजिक संस्थाओं ने आवाज उठाई थी। उन्होंने गाने में इस्तेमाल किए गंदे शब्दों और लाइनों पर आपत्ति दर्ज करवाई, जिसके बाद हरियाणा महिला आयोग ने बादशाह को तलब किया था। बादशाह को समन भेजकर 13 मार्च को पेश होने के लिए कहा गया है।
पंचकूला में एफआईआर, शिकायतकर्ता के बादशाह पर आरोप
एक रिपोर्ट के मुताबिक पंचकूला के रहने वाले अभय चौधरी ने साइबर थाने में 'टटीरी' गाने को लेकर बादशाह के खिलाफ शिकायत दर्ज करवाई है। शिकायत में उसने कहा है कि गाने में कई ऐसे सीन्स और शब्द हैं, जो बेहद आपत्तिजनक हैं। साथ ही गाने में पाठशाला को 'बेडशाला' कहा गया है। गाने में कई आपत्तिजनक लाइनें हैं, जैसे कि आया बादशाह डोली चढाने, इन सबकी घोड़ी बनाने। शिकायतकर्ता का कहना है कि यह गाना समाज में अश्लीलता का संदेश देता है, और ऐसे आपत्तिजनक शब्द हैं जो सबकी मां-बहन और बेटियों की इज्जत को ठेस पहुंचाने वाले हैं। वहीं, हरियाणा महिला आयोग की रेनु भाटिया ने भी इस तरह के शब्दों को महिलाओं को 'ऑब्जेक्टिफाई' करने वाला बताया।
जींद रोडवेज डिपो ने भी जताई आपत्ति
इसके अलावा गाने में जींद रोडवेज डिपो की बस को दिखाया गया है। इसके जनरल मैनेजर का कहना है कि हरियाणा रोडवेज की अनुमति के बिना गाने में बस का इस्तेमाल किया गया, जोकि विभाग और जींद डिपो की छवि को खराब करने वाला है। साथ ही गाने में स्कूल की लड़कियों को बैग फेंकते हुए दिखाया गया है। उन्हें बस के ऊपर खड़ा करके गाते दिखाया गया है। इसके अलावा गाने में नरवाना के सच्चा खेड़ा गांव के सरकारी स्कूल को दिखाया गया है। कहा जा रहा है कि इसके लिए स्कूल की भी अनुमति नहीं ली गई और बिना इजाजत शूटिंग की गई।
कौन हैं बादशाह?
बादशाह की बात करें, तो वह हरियाणा के करनाल जिले के रहने वाले हैं। उनके गांव का नाम उचानी है। उनके पिता सरकारी कर्मचारी थे। बादशाह का असली नाम आदित्य प्रतीक सिंह सिसोदिया है। बादशाह ने शुरुआती पढ़ाई दिल्ली के भारती पब्लिक स्कूल से की और फिर चंडीगढ़ से सिविल इंजीनियरिंग की डिग्री ली लेकिन पढ़ाई के दौरान ही बादशाह की दिलचस्पी म्यूजिक में जगी और वह रैप और म्यूजिक के फील्ड में आ गए। अपने अभी तक के करियर में बादशाह ने कई हिट गाने दिए, पर विवाद भी खूब हुए।
-Legend News

Recent Comments