रिपोर्ट : LegendNews
राम गोपाल वर्मा पर फिर लगा धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने का आरोप
बॉलीवुड फिल्ममेकर राम गोपाल वर्मा अक्सर सुर्खियों में रहते हैं। एक बार फिर वह अपने विवादित बयानों के चलते मुश्किल में हैं। आंध्र प्रदेश में राम गोपाल वर्मा के खिलाफ पुलिस में शिकायत दी गई है। उन पर आरोप हैं कि उन्होंने सोशल मीडिया पर अपमानजनक टिप्पणी कर हिंदुओं की धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाई है।
वर्मा के खिलाफ पुलिस में शिकायत
एक मीडिया रिपोर्ट के अनुसार राष्ट्रीय प्रजा कांग्रेस के अध्यक्ष और हाईकोर्ट के वकील मेदा श्रीनिवास ने आंध्र प्रदेश की थ्री टाउन पुलिस स्टेशन में फिल्म निर्देशक राम गोपाल वर्मा के खिलाफ शिकायत करते हुए उनके कथिक वीडियो क्लिपिंग और सोशल मीडिया पोस्ट की कॉपी सबूत के तौर पर पेश किए हैं। मीडिया से बात करते हुए श्रीनिवास ने कहा कि निर्देशक के "बर्बर" पोस्ट ने न केवल समाज के कई वर्गों को आहत किया है, बल्कि सामाजिक सद्भाव और सार्वजनिक एकता के लिए भी खतरा पैदा किया है।
धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने का आरोप
शिकायतकर्ता ने आगे आरोप लगाया कि वर्मा ने हिंदू देवताओं और रामायण व महाभारत सहित पवित्र धार्मिक ग्रंथों का मजाक उड़ाया है। उनके सोशल मीडिया पोस्ट और कमेंट्स को भड़काऊ और अपमानजनक बताते हुए श्रीनिवास ने पुलिस से मांग की कि भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया जाए और उचित कार्रवाई हो। उन्होंने कहा कि वर्मा की सामग्री केवल निजी राय नहीं बल्कि उकसावे और समाज में अशांति फैलाने वाली है। फिलहाल इस मामले में पुलिस जांच कर रही है।
-Legend News
Recent Comments