रिपोर्ट : LegendNews
राज्यसभा सदस्य आदित्य साहू बनाए गए झारखंड भाजपा के कार्यकारी अध्यक्ष
भारतीय जनता पार्टी ने झारखंड में बड़ा संगठनात्मक बदलाव करते हुए राज्यसभा सदस्य आदित्य साहू को प्रदेश भाजपा का कार्यकारी अध्यक्ष नियुक्त किया है। बिहार में विधानसभा चुनाव से पहले झारखंड में यह बड़ा सियासी बदलाव है।
पूर्णकालिक अध्यक्ष की नियुक्ति तक संभालेंगे पार्टी का काम
प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष पद पर आदित्य साहू की नियुक्ति तत्काल प्रभाव से लागू हो गई है। उनकी नियुक्ति रवींद्र राय के स्थान पर की गई है जिन्हें विधानसभा चुनाव के समय कार्यकारी अध्यक्ष बनाया गया था।
आदित्य साहू मौजूदा कमेटी में प्रदेश महामंत्री के पद पर थे। रांची जिला के ओरमांझी निवासी आदित्य साहू विधानसभा चुनाव में कोल्हान प्रमंडल के प्रभारी बनाए गए थे।
प्रदेश भाजपा में पूर्णकालिक अध्यक्ष बनाए जाने तक आदित्य साहू पार्टी की जिम्मेदारी संभालेंगे। यह नियुक्ति संगठन को मजबूत करने की दिशा में अहम मानी जा रही है। केंद्रीय नेतृत्व ने उन पर भरोसा जताते हुए प्रदेश संगठन का दायित्व सौंपा है।
राज्यसभा सदस्य हैं आदित्य साहू
आदित्य साहू वर्तमान में राज्यसभा सदस्य हैं और झारखंड से भाजपा का प्रतिनिधित्व करते हैं। वे अपनी सक्रिय संसदीय भागीदारी और संगठनात्मक कार्यों के लिए जाने जाते हैं।
आदित्य साहू लंबे समय से भाजपा से जुड़े रहे हैं। साहू की छवि एक जमीनी नेता की है, जो कार्यकर्ताओं से सीधे संवाद में विश्वास रखते हैं। उनसे पार्टी को बूथ स्तर तक मजबूती मिलने की उम्मीद है।
भाजपा के शीर्ष नेतृत्व को भरोसा है कि आदित्य साहू की संगठन पर पकड़ और कार्यकर्ताओं के साथ तालमेल झारखंड में पार्टी की स्थिति को और मजबूत करेगा।
आदित्य साहू का संक्षिप्त प्रोफाइल
पूरा नाम: आदित्य साहू
निवासी: रांची, झारखंड
राजनीतिक दल: भारतीय जनता पार्टी (भाजपा)
वर्तमान पद: राज्यसभा सदस्य, अब झारखंड भाजपा के कार्यकारी अध्यक्ष
राजनीतिक अनुभव: लंबे समय से भाजपा संगठन में सक्रिय, जिला एवं प्रदेश स्तर पर कई दायित्व निभा चुके हैं।
मुख्य रुचि के क्षेत्र: आदिवासी कल्याण, शिक्षा, स्वास्थ्य, स्थानीय रोजगार और ग्रामीण विकास।
लोकप्रियता: जमीनी कार्यकर्ताओं के बीच अच्छी पकड़, सरल और संवादप्रिय छवि।
-Legend News

Recent Comments