रिपोर्ट : LegendNews
राजस्थान रॉयल्स के कप्तान संजू सैमसन पर उनकी मैच फ़ीस का 30 फ़ीसदी जुर्माना
आईपीएल में राजस्थान रॉयल्स के कप्तान संजू सैमसन पर उनकी मैच फ़ीस का 30 फ़ीसदी जुर्माना लगाया गया है. आईपीएल की ओर से जारी बयान के मुताबिक़ संजू सैमसन ने दिल्ली की टीम के ख़िलाफ़ मैच में आचार संहिता का उल्लंघन किया है. हालाँकि आईपीएल के बयान में ये नहीं बताया गया है कि संजू सैमसन पर किस मामले में ये जुर्माना लगाया गया है.
मैच में संजू सैमसन ने अपने विवादित कैच को लेकर आपत्ति जताई थी और अंपायर के साथ वे बहस करते नज़र आए थे. माना जा रहा है कि इसी कारण उन पर ये जुर्माना लगाया गया है.
संजू सैमसन की टीम ये मैच 20 रनों से हार गई थी. एक समय राजस्थान की टीम काफ़ी मज़बूत नज़र आ रही थी. संजू सैमसन शानदार पारी खेल रहे थे. जब वे 86 रन बनाकर खेल रहे थे, उस समय बाउंड्री लाइन पर उनका कैच होप ने लपक लिया.
फ़ील्ड पर मौजूद अंपायर ने इसे थर्ड अंपायर को रेफ़र किया, क्योंकि ऐसा लग रहा था कि शायद कैच लेते समय उनका पैर बाउंड्री लाइन से छू गया था. लेकिन थर्ड अंपायर ने संजू सैमसन को आउट करार दिया. और मैच का पासा यहीं से पलट गया.
संजू सैमसन का ये कैच काफ़ी विवादित रहा क्योंकि कई लोगों ने ये दावा किया कि होप का पैर बाउंड्री लाइन से छू गया था और इसे छक्का दिया जाना चाहिए था.
इस हार के बावजूद संजू सैमसन की टीम राजस्थान रॉयल्स 16 अंकों के साथ दूसरे नंबर पर बनी हुई है. कोलकाता की टीम पहले नंबर पर है.
-Legend News

Recent Comments