अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के बड़े बेटे डोनाल्ड ट्रंप जूनियर और उनकी पत्नी बेटिना ने पुष्टि की है कि उनकी शादी का कुछ ख़र्च रूस के एक कारोबारी ने उठाया.
इस कारोबारी का नाम उमर क्रेमलेव है, जिसके रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन से क़रीबी संबंध हैं.
डोनाल्ड ट्रंप जूनियर और बेटिना की शादी मई महीने में हुई थी. अब दोनों ने इंस्टाग्राम पर एक पोस्ट के ज़रिए बताया कि बहामास के एक प्राइवेट आइलैंड पर आयोजित शादी समारोह की दो रातों की मेज़बानी उमर क्रेमलेव ने की थी.
उमर क्रेमलेव इंटरनेशनल बॉक्सिंग एसोसिएशन (आईबीए) के अध्यक्ष हैं. दंपति ने अपने बयान में क्रेमलेव को अपना क़रीबी दोस्त बताया.
ट्रंप जूनियर और बेटिना ने इसे एक दोस्त की ओर से दिया गया शादी का तोहफ़ा बताया और इसके लिए आभार जताया.
इस पूरे मामले ने अमेरिकी मीडिया में ट्रंप परिवार पर विदेशी प्रभाव को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं. इन ख़र्चों की जानकारी पहले प्रो पब्लिका की एक रिपोर्ट में सामने आई थी.
प्रो पब्लिका की रिपोर्ट के मुताबिक डोनाल्ड ट्रंप जूनियर और बेटिना ट्रंप ने बहामास के एक प्राइवेट आइलैंड पर शादी की थी. इसके बाद शादी का दो दिवसीय जश्न एक दूसरे आइलैंड हुआ, जिसका एक रात का किराया क़रीब 1 लाख डॉलर है.
रिपोर्ट के अनुसार इस समारोह से जुड़े कई ख़र्च भी क्रेमलेव ने उठाए. इनमें क़रीब 70 हज़ार डॉलर का आतिशबाज़ी प्रदर्शन भी शामिल था.
प्रो पब्लिका ने अपनी इन्वेस्टिगेशन के आधार पर बताया कि क्रेमलेव ने शादी समारोह पर लाखों डॉलर ख़र्च किए.
अमेरिकी एथिक्स पर नज़र रखने वाले कई संगठनों ने इस पर चिंता जताई है.
उनका कहना है कि राष्ट्रपति के बेटे ने ऐसे व्यक्ति से महंगे उपहार स्वीकार किए, जिसके रूसी राष्ट्रपति पुतिन से क़रीबी संबंध हैं. भले ही ट्रंप जूनियर सरकारी पद पर न हों, लेकिन यह हितों के टकराव की स्थिति जैसा है. 
-Legend News

मिलती जुलती खबरें

Recent Comments

Leave A Comment

Don’t worry ! Your Phone will not be published. Required fields are marked (*).