मोहाली के कई निजी और सरकारी स्कूलों को मंगलवार सुबह एक बार फिर बम से उड़ाने की धमकी मिलने से हड़कंप मच गया। धमकी ईमेल के माध्यम से भेजी गई है। ईमेल में स्कूलों के साथ-साथ फोर्टिस अस्पताल मोहाली को भी निशाना बनाने की बात लिखी गई है। इसी अस्पताल में मुख्यमंत्री भगवंत मान उपचाराधीन हैं, जिसके चलते सुरक्षा पहले से कड़ी थी। 
इस मेल में सीएम मान को घातक पोलोनियम जहर देने की बात लिखी गई है। पोलोनियम अत्यधिक रेडियोधर्मी रेडियोन्यूक्लाइड है जिसका उपयोग जहर के रूप में किया जाता है। 
धमकी मिलते ही जिला प्रशासन और पुलिस अलर्ट मोड पर आ गई। एहतियातन सभी स्कूलों में तत्काल छुट्टी घोषित कर दी गई। जो बच्चे स्कूल पहुंच चुके थे, उन्हें अभिभावकों को सूचना देकर वापस भेजा गया। स्कूल बसों को भी बीच रास्ते से लौटाया गया। स्कूल प्रबंधन की ओर से अभिभावकों को संदेश भेजकर बच्चों को सुरक्षित घर ले जाने की अपील की गई।
दूसरी ओर पुलिस ने सभी संदिग्ध स्थानों पर सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया है। बम निरोधक दस्ते, स्निफर डॉग स्क्वॉड, एंबुलेंस और भारी पुलिस बल को स्कूलों व अस्पताल परिसर में तैनात किया गया है। फोर्टिस अस्पताल में भी चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। अस्पताल परिसर और आसपास के क्षेत्र की घेराबंदी कर हर आने-जाने वाले व्यक्ति की जांच की जा रही है। हालांकि बम धमाके की सूचना फर्जी साबित हुई।
बताया जा रहा है कि ईमेल कथित तौर पर ‘खालिस्तान नेशनल आर्मी’ के नाम से भेजा गया है, जिसमें स्कूल बंद रखने और बच्चों को सुरक्षित रखने की चेतावनी दी गई है। हालांकि पुलिस अधिकारियों ने कहा कि अभी तक किसी भी स्थान से कोई संदिग्ध वस्तु बरामद नहीं हुई है।
पुलिस साइबर सेल की टीम ईमेल की तकनीकी जांच में जुट गई है और भेजने वाले की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं। अधिकारियों ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और शांति बनाए रखने की अपील की है। प्रशासन ने आश्वस्त किया है कि स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। 
-Legend News

मिलती जुलती खबरें

Recent Comments

Leave A Comment

Don’t worry ! Your Phone will not be published. Required fields are marked (*).