रिपोर्ट : LegendNews
पंजाब: AAP की मोगा विधायक के घर और पारिवारिक ठिकानों पर ED की रेड
पंजाब में विधानसभा चुनाव से पहले प्रवर्तन निदेशालय (ED) की कार्रवाई तेज हो गई है। ईडी की टीम ने बुधवार को पंजाब में आम आदमी पार्टी (AAP) की मोगा से विधायक अमनदीप कौर अरोड़ा और उनके परिवार के ठिकानों पर छापेमारी की है। यह कार्रवाई मनी लॉन्ड्रिंग से जुड़े मामलों में की गई है। विधायक पर सरकारी संपत्तियों को धोखाधड़ी से हासिल करने का आरोप है। ईडी के द्वारा कुल सात ठिकानों पर छापेमारी की गई। इनमें विधायक का आवास भी शामिल है।
ED की टीमों ने विधायक के परिवार के कुछ सदस्यों, सहयोगियों और अन्य लोगों से जुड़े ठिकानों की भी तलाशी ली। इनमें उनके पति डॉ. राकेश अरोड़ा से जुड़ा एक नशा मुक्ति केंद्र भी शामिल है। ED की टीमों के साथ CRPF के हथियारबंद जवान भी मौजूद थे। आपको बता दें कि कौर अरोड़ा को हाल ही में AAP ने पंजाब विधानसभा चुनाव के लिए मोगा सीट से फिर से उम्मीदवार बनाया है।
पंजाब पुलिस ने 2024 में दर्ज की थी FIR
ईडी ने विधायक के खिलाफ प्रिवेंशन ऑफ मनी लॉन्ड्रिंग एक्ट (PMLA) के तहत मामला दर्ज किया गया था। इससे पहले पंजाब पुलिस द्वारा जून 2024 में एक FIR दर्ज की गई थी। इसकी जांच बाद में ईडी ने अपने हाथों में ले ली।
NH के पास की जमीन हड़पने का आरोप
एफआईआर में आरोप लगाया गया है कि मोगा जिले में नेशनल हाईवे नंबर 754A के लिए अधिग्रहित की गई सरकारी जमीन के म्यूटेशन में धोखाधड़ी की गई और मुआवजे का गलत तरीके से भुगतान किया गया।
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक ईडी की यह कार्रवाई सुबह करीब 6 बजे शुरू की गई। विधायक अपने घर पर थीं और कार्रवाई के दौरान अधिकारियों ने उनसे पूछताछ भी की। विधायक के करीबी सूत्रों का आरोप है कि यह छापेमारी उन पर BJP या अकाली दल में शामिल होने का दबाव बनाने के लिए की गई है। उन्होंने इसके लिए जलालाबाद के विधायक रामिंदर सिंह आवला के मामले का हवाला दिया।
इंडियन एक्सप्रेस की एक रिपोर्ट के मुताबिक विधायक के करीबी सहयोगी जगदेव सिंह ने आरोप लगाया, "अकाली दल और BJP चाहे मिलकर लड़ें या अलग-अलग, दोनों के पास मोगा से चुनाव मैदान में उतारने के लिए कोई मजबूत उम्मीदवार नहीं है।" वहीं, मोगा के सीनियर डिप्टी मेयर राकेश कुमार बजाज ने आरोप लगाया कि यह छापेमारी 2027 के पंजाब विधानसभा चुनावों से पहले एक सोची-समझी रणनीति का हिस्सा है।
-Legend News

Recent Comments