पंजाब में सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ाने वाली घटनाओं के बीच जालंधर में हुए विस्फोट के कुछ ही घंटों बाद अमृतसर में छावनी क्षेत्र के पास एक और धमाका हुआ। यह घटना मंगलवार देर रात खासा रोड स्थित आर्मी कैंटोनमेंट की चारदीवारी के पास हुई।
पुलिस के अनुसार यह विस्फोट कम तीव्रता का था और इसमें कोई हताहत नहीं हुआ। अमृतसर (ग्रामीण) के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) सुहैल मीर कासिम ने बताया कि रात करीब 11:15 बजे तेज आवाज की सूचना मिलने पर पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची। जांच में पाया गया कि छावनी की दीवार पर लगी टिन शीट क्षतिग्रस्त होकर गिर गई थी। 
प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि किसी अज्ञात व्यक्ति ने दीवार की ओर कोई वस्तु फेंकी, जिससे यह धमाका हुआ। हालांकि विस्फोट की प्रकृति का अभी स्पष्ट पता नहीं चल पाया है। 
घटना के बाद फॉरेंसिक टीम, बम निरोधक दस्ता, पुलिस के त्वरित प्रतिक्रिया दल (QRT) और सेना तथा बीएसएफ के अधिकारी मौके पर पहुंचे। सभी एजेंसियों ने संयुक्त रूप से इलाके में सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया है।
इससे पहले जालंधर में सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) के पंजाब फ्रंटियर मुख्यालय के बाहर भी मंगलवार शाम विस्फोट हुआ था। लगातार हो रही इन घटनाओं ने सुरक्षा एजेंसियों की चिंता बढ़ा दी है। 
अमृतसर से सांसद गुरजीत सिंह औजला ने इन घटनाओं पर चिंता जताते हुए कहा कि राज्य में कानून-व्यवस्था की स्थिति बिगड़ रही है। उन्होंने केंद्रीय गृह मंत्री से मामले की उच्चस्तरीय और निष्पक्ष जांच की मांग की है। साथ ही दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई और राज्य में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की जरूरत बताई है।
औजला ने यह भी आरोप लगाया कि पंजाब में मौजूदा सरकार के कारण असुरक्षा का माहौल बना है, जिसका असर राज्य की अर्थव्यवस्था, पर्यटन और निवेश पर पड़ रहा है। 
-Legend News

मिलती जुलती खबरें

Recent Comments

Leave A Comment

Don’t worry ! Your Phone will not be published. Required fields are marked (*).