रिपोर्ट : LegendNews
सिंधु जल समझौते पर भारतीय फैसले के खिलाफ अब पाकिस्तान के सिंध में प्रदर्शन
सिंधु जल समझौता स्थगित करने के एक फैसले ने पाकिस्तान को चिंता में डाल दिया है। खबर है कि मुल्क के सिंध क्षेत्र में इस फैसले के खिलाफ विरोध प्रदर्शन शुरू हो गए हैं। नारे लगाए जा रहे हैं कि सिंधु को नहीं छोड़ेंगे। बीते साल जम्मू और कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकवादी हमले के बाद भारत ने इस संधि को स्थगित कर दिया था। भारत ने अपना रुख साफ करते हुए कहा कि पड़ोसी मुल्क से आतंकवाद जारी रहने तक सिंधु जल समझौता निलंबित रहेगा।
पाकिस्तानी अखबार डॉन की रिपोर्ट के मुताबिक बिलावल भुट्टो जरदारी की अगुवाई वाली पीपीपी ने सिंध में रैली निकाली गई थी। इस दौरान पार्टी कार्यकर्ताओं ने कराची, हैदराबाद, थार, मीरपुरखास, लरकाना, शिकारपुर, नौशहरों फिरोज और दाडू में प्रदर्शन किए। इस दौरान प्रदर्शनकारी नारे भी लगा रहे थे कि 'मर जाएंगे, लेकिन सिंधु पर दावा नहीं छोड़ेंगे।'
क्या है प्लान
पार्टी के सिंध चैप्टर के प्रमुख निसार अहम खुहरो ने कहा कि पीपीपी ने इस मुद्दे को जनता में उठाने का फैसला किया है। उन्होंने कहा है कि पार्टी हर गांव से लोगों को सक्रिय करेगी। उन्होंने अखबार को बताया है कि बिलावल ने सिंधु जल समझौते के इस मुद्दे को लोगों तक ले जाने का फैसला किया है। उन्होंने कहा है कि पीपीपी कार्यकर्ता बिलावल को प्रधानमंत्री बनाएंगे, ताकि वह देश के हितों की रक्षा कर सकें।
खुहरो ने कहा है कि पाकिस्तानी कभी भी अपने मुल्क पर हमला बर्दाश्त नहीं करेंगे। उन्होंने कहा है कि बिलावल में हिम्मत है और वह इस मुद्दे का समाधान खोज सकते हैं।
युद्ध की धमकियां
रिपोर्ट के अनुसार सिंध सरकार में मंत्री सईद घनी ने कहा कि सिंधु नदी सिंध या कराची का ही मुद्दा नहीं है, बल्कि पूरे देश पर असर डालता है। उन्होंने इसे पाकिस्तान की जीवनरेखा करार दिया है। उन्होंने बिलावल के सुक्कूर में दिए भाषण का हवाला दिया और कहा कि पीपीपी प्रमुख ने चेताया है कि अगर सिंधु में पानी को रोका गया, तो पाकिस्तानी शांत नहीं रहेंगे।
उन्होंने कहा, हम शांति पसंद लोग हैं और युद्ध नहीं चाहते क्योंकि हमें लगता है कि युद्ध किसी भी समस्या का समाधान नहीं है।' उन्होंने गीदड़भभकी भी दी है कि अगर पाकिस्तानियों को पानी और भोजन नहीं मिला, तो युद्ध के अलावा कोई और रास्ता नहीं बचेगा।
भारत की दो टूक चेतावनी
3 जुलाई को ही विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने अपनी साप्ताहिक प्रेस वार्ता में कहा, 'सिंधु जल संधि (IWT) पर, मैं वही दोहराऊंगा जो हमने पहले भी कहा है। सिंधु जल संधि पर भारत का रुख अडिग है।' उन्होंने कहा कि पाकिस्तान द्वारा सीमा पार आतंकवाद को निरंतर समर्थन दिए जाने के जवाब में सिंधु जल संधि फिलहाल स्थगित है।
उन्होंने कहा, पाकिस्तान को सीमा पार आतंकवाद को दिए जाने वाले अपने समर्थन को विश्वसनीय और अपरिवर्तनीय रूप से त्यागना होगा।
-Legend News

Recent Comments