कोलकाता। भारत के मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार सोमवार सुबह दक्षिण कोलकाता स्थित कालीघाट मंदिर में दर्शन करने पहुंचे. मंदिर जाते समय उन्हें काले झंडे दिखाए गए और प्रदर्शनकारियों ने "वापस जाओ" के नारे लगाए. बाद में मौके पर मौजूद पुलिस बल हालात को काबू में किया. जिसके बाद ज्ञानेश कुमार मंदिर गए और दर्शन किए.

पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव की तैयारियों के तहत सीईसी के नेतृत्व में निर्वाचन आयोग की टीम कोलकाता में हैं. ज्ञानेश कुमार के कोलकाता पहुंचने के बाद, रविवार रात एयरपोर्ट के पास भी ऐसे ही प्रदर्शन देखे गए, टीएमसी कार्यकर्ता मतदाता सूची के SIR अभ्यास को लेकर सीईसी के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे थे. जब उनका काफिला एयरपोर्ट से निकल रहा था, तो तृणमूल कार्यकर्ताओं ने उन्हें निशाना बनाते हुए "वापस जाओ" के नारे लगाए. जब उनका काफिला VIP रोड के साथ कैखली इलाके से गुजर रहा था, तब भी CEC को काले झंडे दिखाए गए.

वाम दलों के कार्यकर्ताओं ने भी एयरपोर्ट के बाहर विरोध प्रदर्शन किया, जिससे इलाके में तनाव बढ़ गया. पुलिस ने कहा कि हालात को सख्ती से संभाला गया, जिससे विरोध प्रदर्शन बढ़ने से रुक गया. उन्होंने बताया कि विधानसभा चुनाव से पहले कुमार के तीन दिन के दौरे के लिए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं.

सीईसी ज्ञानेश कुमार विधानसभा चुनाव की तैयारियों की समीक्षा करने के लिए राजनीतिक पार्टियों, सुरक्षा एजेंसियों और वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारियों के साथ बैठक करेंगे. कुमार के साथ दोनों चुनाव आयुक्त एसएस संधू और विवेक जोशी भी चुनावी राज्य बंगाल के दौरे पर हैं.

अधिकारियों ने बताया कि चुनाव आयोग की पूरी बेंच सबसे पहले मान्यता प्राप्त राष्ट्रीय और राज्य पार्टियों से मिलेगी ताकि चुनाव कराने के बारे में उनकी चिंताओं और सुझावों को सुना जा सके. उन्होंने बताया कि इसके बाद पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों के नोडल अधिकारियों के साथ बातचीत होगी और वरिष्ठ पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों के साथ एक विस्तृत समीक्षा बैठक होगी. उन्होंने बताया कि बैठक में चुनावों से पहले कानून-व्यवस्था की तैयारी, तैनाती योजना और सुरक्षा एजेंसियों के बीच समन्वय पर फोकस रहने की उम्मीद है.

कल मंगलवार को दौरे के आखिरी दिन चुनाव आयोग की टीम बंगाल के मुख्य निर्वाचन अधिकारी (CEO) मनोज कुमार अग्रवाल और CAPF नोडल ऑफिसर के साथ बैठक करेगी. कुमार और उनकी टीम बूथ लेवल अधिकारियों से भी बातचीत करेंगे. रवाना होने से पहले एक प्रेस कॉन्फ्रेंस को भी संबोधित करेंगे.
- Legend News

मिलती जुलती खबरें

Recent Comments

Leave A Comment

Don’t worry ! Your Phone will not be published. Required fields are marked (*).